ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 3,464 वाहनों से वसूला 2.68 करोड़ जुर्माना

Updated:
विज्ञापन

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 3,464 वाहनों से वसूला 2.68 करोड़ जुर्माना

परिवहन विभाग दरभंगा में सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है. ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे नियमों की अनदेखी करने वाले 3,464 वाहनों का चालान काटकर 2.68 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व वसूला गया है.

विज्ञापन

दरभंगा ट्रैफिक: सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. ओवरलोड वाहन से लेकर बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों तक की लगातार जांच की जा रही है. चालू वित्तीय वर्ष में जुलाई तक विभाग ने 3,464 वाहनों का चालान काटकर 2 करोड़ 68 लाख 82 हजार 790 रुपये राजस्व वसूला है.

अप्रैल में सबसे अधिक वाहनों पर कार्रवाई

विभागीय आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई हुई. इस दौरान 1,299 वाहनों का चालान काटा गया और 1 करोड़ 25 हजार 909 रुपये जुर्माना वसूला गया. मई में 835 वाहनों पर कार्रवाई कर 64 लाख 72 हजार 955 रुपये राजस्व प्राप्त हुआ.

जून में 554 वाहनों का चालान काटा गया. इससे विभाग को 42 लाख 28 हजार 400 रुपये राजस्व मिला. वहीं जुलाई में जांच अभियान को और तेज करते हुए 776 वाहनों पर कार्रवाई की गयी और 61 लाख 55 हजार 526 रुपये जुर्माना वसूला गया.

इन नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई

परिवहन विभाग की जांच में मालवाहक वाहनों में ओवरलोडिंग, यात्री बसों की छत पर लोगों को बैठाना, प्रदूषण प्रमाणपत्र के बिना वाहन चलाना और बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने के मामले सामने आ रहे हैं. इसके अलावा अनफिट वाहनों का परिचालन और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है.

सिर्फ जुर्माना वसूलना मकसद नहीं

परिवहन विभाग का कहना है कि वाहन जांच अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं है. इसका मुख्य लक्ष्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना और सड़क हादसों को रोकना है. विभाग की ओर से समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है.

क्या बोले डीटीओ?

डीटीओ रवि कुमार आर्य ने कहा कि वाहन चालक या वाहन स्वामी से जुर्माना वसूलना विभाग का मकसद नहीं है. सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना और यातायात नियमों का पालन कराना विभाग का उद्देश्य है. इसके लिए समय-समय पर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाता है, जिसमें आम नागरिकों का सहयोग मिल रहा है.

यह भी पढ़ें: जनगणना हस्त पुस्तिका निर्माण कार्य की नोडल पदाधिकारी ने की समीक्षा, कर्मियों की समस्याओं का समाधान


विज्ञापन
राज कुमार रंजन

लेखक के बारे में

By राज कुमार रंजन

राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन