वेतन के इंतजार में सफाईकर्मी परेशान, भुगतान नहीं हुआ तो ठप हो सकती है नगर की सफाई व्यवस्था

नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान
Municipal Workers Salary Delay: दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी नगर पंचायत में चार महीने से वेतन नहीं मिलने पर सफाईकर्मियों ने बकाया भुगतान की मांग की है. भुगतान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है.
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट
Municipal Workers Salary Delay: नगर की सफाई का जिम्मा संभालने वाले सफाईकर्मी खुद आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. चार महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण अब उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है. उनका कहना है कि समय रहते भुगतान नहीं हुआ तो नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है.
मामला दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी नगर पंचायत का है. सफाईकर्मियों ने सामूहिक रूप से कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर बकाया वेतन जल्द जारी करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: पत्नी की याद में पति ने बनवाया 25 लाख का मंदिर, जयपुर से मंगाई प्रतिमा, वैदिक मंत्रों के बीच प्राण प्रतिष्ठा
चार महीने से नहीं मिला वेतन
सफाईकर्मियों ने आवेदन में बताया कि वे प्रतिदिन नियमित रूप से नगर क्षेत्र की साफ-सफाई, कचरा उठाव और स्वच्छता से जुड़े कार्य कर रहे हैं.
इसके बावजूद पिछले चार महीने से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है. मजदूरी पर आश्रित कर्मचारियों के लिए यह स्थिति गंभीर आर्थिक संकट का कारण बन गई है.
ये भी पढ़ें: बिहार के इस जिले में सबसे ज्यादा प्रेम में धोखे की शिकार होती लड़कियां, महिला थाने में दर्ज आंकड़ों से खुलासा
परिवार चलाना हुआ मुश्किल
सफाईकर्मियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से घर का राशन, बच्चों की पढ़ाई, दवा-इलाज, बिजली बिल और अन्य जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है.
कई कर्मचारियों ने बताया कि परिवार का खर्च चलाने के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ रहा है. लगातार वेतन में देरी से रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी चुनौती बन गया है.
आंदोलन की चेतावनी
सफाईकर्मियों ने कहा कि नगर पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका है. हर मौसम में वे अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे हैं, लेकिन समय पर मेहनताना नहीं मिलना निराशाजनक है.
उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए चार महीने का बकाया वेतन जल्द जारी करने की मांग की है.
सफाई व्यवस्था पर पड़ सकता है असर
सफाईकर्मियों ने स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
ऐसी स्थिति में नगर पंचायत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल सफाईकर्मी प्रशासन के निर्णय का इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: सरकारी अस्पताल से रेफर हुआ नवजात, पैसों की कमी बनी बाधा, बच्चा अस्पताल ने मुफ्त इलाज कर बचाई जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










