पर्चा मिलने के एक साल बाद भी नहीं मिली जमीन, 60 भूमिहीनों ने किया प्रदर्शन
अनुमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन करते भूमि हीन पर्चाधारी
सरकार द्वारा आवंटित भूमि का पर्चा मिलने के एक साल बाद भी दर्जनों भूमिहीन परिवारों को जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका है. इससे नाराज होकर करीब 60 पर्चाधारियों ने अनुमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन कर जल्द दखल-दिहानी की मांग की है. एसडीओ ने डीसीएलआर को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं.
Benipur News: बेनीपुर प्रखंड की महिनाम पंचायत के दर्जनों भूमिहीनों ने मंगलवार को सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये पर्चे के साथ अनुमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन किया. पर्चाधारियों ने एसडीओ मनीष कुमार झा से आवंटित जमीन पर जल्द दखल-दिहानी कराने की मांग की. प्रदर्शन में रामसेवक राम, राम लखन राम, खुशबू कुमारी, सीता देवी, मंजू देवी सहित करीब 60 पर्चाधारी शामिल हुए.
दो-दो डिसमिल जमीन का मिला था पर्चा
पर्चाधारियों ने बताया कि 29 अगस्त 2025 को कर्पूरी सभा भवन में आयोजित शिविर में पंचायत के 60 भूमिहीन परिवारों को दो-दो डिसमिल भूमि का वास्तविक पर्चा उपलब्ध कराया गया था. शिविर में तत्कालीन भू-सुधार एवं राजस्व मंत्री संजय सरावगी की मौजूदगी में पर्चा वितरण किया गया था.
पर्चा मिलने के बाद भूमिहीन परिवारों को उम्मीद थी कि जल्द ही उन्हें आवंटित जमीन पर दखल-दिहानी करा दी जाएगी. हालांकि, करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कई पर्चाधारियों को जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका है.
कई पर्चाधारियों को जमीन का स्थल तक नहीं पता
पर्चाधारियों का कहना है कि आवंटित भूमि का पर्चा मिलने के बावजूद उन्हें अब तक जमीन पर दखल-दिहानी नहीं करायी गयी है. इतना ही नहीं, कई पर्चाधारियों को आवंटित भूमि का स्थल तक पता नहीं चल पाया है.
इससे भूमिहीन परिवारों में नाराजगी है. उनका कहना है कि सरकार की ओर से जमीन का पर्चा उपलब्ध कराने के बाद अब प्रशासन को स्थल की मापी कराकर उन्हें वास्तविक रूप से जमीन पर कब्जा दिलाना चाहिए.
एसडीओ ने डीसीएलआर को दिया निर्देश
मामले को लेकर पर्चाधारियों ने अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार झा से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी और जल्द कार्रवाई की मांग की.
एसडीओ मनीष कुमार झा ने बताया कि मामले को लेकर डीसीएलआर को आवश्यक निर्देश जारी किया गया है. सभी पर्चाधारियों को संबंधित भूमि की मापी कराकर जल्द से जल्द दखल-दिहानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
दखल-दिहानी की कार्रवाई शुरू होने की उम्मीद
प्रशासन के निर्देश के बाद पर्चाधारियों को अब जल्द जमीन मिलने की उम्मीद है. भूमिहीन परिवारों का कहना है कि पर्चा मिलने के बाद लंबे समय से वे जमीन पर वास्तविक कब्जे का इंतजार कर रहे हैं. अब प्रशासन की ओर से मापी और दखल-दिहानी की कार्रवाई जल्द पूरी की जानी चाहिए.
यह भी पढ़ें
दरभंगा के रजनीश कुमार चौधरी ने लगातार तीसरी बार जीता पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुबोध नारायण पाठक
सुबोध नारायण पाठक पिछले 20 सालों से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ये सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझते हैं और डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स व नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










