शिक्षकों की हाजिरी बनी, स्कूल से गायब, दरभंगा के सहयोग शिविर में मिड-डे-मील और टीचर्स को लेकर शिकायत

Updated:
विज्ञापन

सहयोग शिविर में लोगों की समस्या सुनते बीडीओ चंदन कुमार व अन्य | Prabhat Khabar Network

ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए हिरणी और विषहरिया पंचायत में सहयोग शिविर लगाया गया. 44 शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया. अधिकारियों ने समय पर कार्रवाई नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी.

विज्ञापन

कुशेश्वरस्थान सहयोग शिविर: आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार को हिरणी और विषहरिया पंचायत में सातवां सहयोग शिविर आयोजित किया गया. हिरणी में मुखिया श्रवण कमती और विषहरिया में मुखिया अनिता देवी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का उद्घाटन बीडीओ चंदन कुमार, सीओ राकेश सिंह यादव, एमओ आशीष कुमार और बीईओ रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से किया.

44 आवेदन मिले, कई मामलों का मौके पर निपटारा

सहयोग शिविर में लोगों की समस्या सुनते बीडीओ चंदन कुमार व अन्य | Prabhat Khabar Network
सहयोग शिविर में लोगों की समस्या सुनते बीडीओ चंदन कुमार व अन्य | Prabhat Khabar Network

शिविर में हिरणी पंचायत से 35 और विषहरिया पंचायत से नौ आवेदन प्राप्त हुए. अधिकारियों ने बताया कि सभी आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा. इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिली.

अधिकारियों ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. निर्धारित समय में शिकायतों का समाधान नहीं करने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी.

एमडीएम और शिक्षकों की उपस्थिति पर शिकायत

शिविर के दौरान हरौली पंचायत के एक वार्ड सदस्य ने मध्य विद्यालय पचहारा को लेकर शिकायत दर्ज करायी. आवेदन में मध्याह्न भोजन योजना में कथित गड़बड़ी और उपस्थिति दर्ज करने के बाद शिक्षकों के विद्यालय से गायब रहने जैसे गंभीर आरोप लगाये गये हैं.

वार्ड सदस्य ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. अधिकारियों ने शिकायत को दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही.

पंचायत स्तर पर पहुंच रहा शिकायत समाधान का मंच

सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देने की कोशिश की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि प्राप्त आवेदनों की निगरानी सहयोग पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, ताकि शिकायतों के निष्पादन में देरी नहीं हो.

शिविर में पंसस प्रतिनिधि मधुकांत झा मिंटू, सांसद प्रतिनिधि भरत चौधरी, बीस सूत्री अध्यक्ष राजकुमार राय, उपाध्यक्ष घनश्याम चौधरी, पीएचइडी जेई अंजली कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका कुमूद रंजन सिंह, सहायक बिंदु कुमारी, पंचायत सचिव मुकुल कुमार और किसान सलाहकार चंद्रशेखर कुमार समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

यह भी पढे़ं:

दरभंगा: महात्मा गांधी कॉलेज के शिक्षकों-कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, 1 करोड़ के इंटर अनुदान की भुगतान सूची मंजूर


विज्ञापन
सुधीर कुमार चौधरी

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार चौधरी

सुधीर कुमार चौधरी 17 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. सामाजिक, राजनीतिक, अपराध व धर्म-संस्कृति जैसे विषयों पर इनकी पैनी नजर रहती है और वे इन बीट्स पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन