दरभंगा: महात्मा गांधी कॉलेज के शिक्षकों-कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, 1 करोड़ के इंटर अनुदान की भुगतान सूची मंजूर
महात्मा गांधी कॉलेज, दरभंगा
महात्मा गांधी कॉलेज, सुंदरपुर के शिक्षकों और कर्मचारियों को इंटर अनुदान की राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है. शासी निकाय ने एक करोड़ रुपये की भुगतान सूची को मंजूरी दी है. वेतन वृद्धि पर निर्णय के लिए तीन अधिकारियों को अधिकृत किया गया.
दरभंगा न्यूज: महात्मा गांधी कॉलेज, सुंदरपुर के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है. कॉलेज के शासी निकाय की विशेष बैठक में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से स्वीकृत कुल एक करोड़ रुपये के इंटर अनुदान की भुगतान-वितरण सूची को मंजूरी दे दी गयी. साथ ही कॉलेज के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की वेतन वृद्धि पर निर्णय लेने के लिए अध्यक्ष, सचिव और प्रधानाचार्य को अधिकृत किया गया है.
दो सत्रों के लिए स्वीकृत है अनुदान
शासी निकाय की बैठक सोमवार को अध्यक्ष संजय सरावगी की अध्यक्षता में ऑनलाइन हुई. इसमें सत्र 2018-19 और 2019-20 के लिए स्वीकृत 50-50 लाख रुपये के अनुदान की कॉलेज प्रशासन द्वारा तैयार भुगतान विवरणी को अनुमोदित किया गया.
भुगतान सूची में प्रत्येक शिक्षक और कर्मचारी की देय राशि के साथ बैंक खाता संख्या, बैंक का नाम और आइएफएससी कोड भी दर्ज किया गया है. अनुदान की राशि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से सीधे संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी.
19 अगस्त को पटना जाएंगे प्रधानाचार्य
कॉलेज शासी निकाय के अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानाचार्य प्रेम कुमार को 19 अगस्त को पटना जाकर भुगतान विवरणी परीक्षा समिति में जमा करने का निर्देश दिया है. उन्होंने जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी तरीके से पक्ष रखने को भी कहा.
इस निर्णय के बाद कॉलेज के शिक्षकों और कर्मचारियों को लंबे समय से लंबित अनुदान की राशि मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है.
वेतन वृद्धि पर भी बनी सहमति
बैठक में शिक्षक प्रतिनिधि एक नारायण पंजियार ने शिक्षकों और कर्मचारियों की वेतन वृद्धि का मुद्दा उठाया. इस पर शासी निकाय ने कॉलेज की वित्तीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए वेतन वृद्धि पर विचार करने का निर्णय लिया.
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि प्रो. उमेश कुमार के प्रस्ताव पर अध्यक्ष, सचिव और प्रधानाचार्य को कॉलेज की वित्तीय स्थिति का आकलन कर यथासंभव वेतन वृद्धि का निर्णय लेने के लिए सर्वसम्मति से अधिकृत किया गया. बैठक में प्रो. अजीत कुमार चौधरी और डॉ. हरिनारायण सिंह भी मौजूद रहे.
यह भी पढे़ं:
दरभंगा में घर की छत पर सोलर लगाने वालों को क्या होगा फायदा? जानिए सरकार की नई पहल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









