दरभंगा एयरपोर्ट पर तेजी से चल रहा नया टर्मिनल का काम, 5 एयरोब्रिज और 40 चेक-इन काउंटर होंगे

Updated:
विज्ञापन

दरभंगा एयरपोर्ट

दरभंगा एयरपोर्ट पर निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन का काम अब पूर्णता की ओर है. संजय कुमार झा ने सोमवार को स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली और टर्मिनल में मिथिला की कला-संस्कृति की झलक शामिल करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन

दरभंगा एयरपोर्ट पर निर्माणाधीन नए टर्मिनल भवन और यात्री सुविधाओं का काम तेजी से पूरा कराने की कवायद शुरू हो गयी है. जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोमवार को एयरपोर्ट पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की और शेष काम जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

टर्मिनल में होंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं

फोटो-7परिचय- अधिकारियों से बात करते संजय कुमार झा. | Prabhat Khabar Network

संजय कुमार झा ने बताया कि करीब 643 करोड़ रुपये की लागत से 62,800 वर्ग मीटर क्षेत्र में नया टर्मिनल भवन बनाया जा रहा है. इसकी वार्षिक यात्री क्षमता करीब 30 लाख होगी. टर्मिनल में पांच एयरोब्रिज और 40 चेक-इन काउंटर समेत कई आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी.

उन्होंने अधिकारियों को टर्मिनल की आंतरिक और बाहरी सजावट में मिथिला की कला एवं संस्कृति की आकर्षक झलक शामिल करने के लिए भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए.

2024 में हुआ था नये सिविल एन्क्लेव का शिलान्यास

संजय कुमार झा के अनुसार, दरभंगा एयरपोर्ट के नये सिविल एन्क्लेव का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्टूबर 2024 को वर्चुअल माध्यम से किया था. अब इसका निर्माण कार्य पूर्णता की ओर बढ़ रहा है. निरीक्षण के दौरान डीएम और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी भी मौजूद रहे.

उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान सेवा की शुरुआत आठ नवंबर 2020 को हुई थी. इसके बाद यह उड़ान योजना के तहत देश के सफल एयरपोर्ट में शामिल हुआ.

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की दिशा में प्रयास

संजय कुमार झा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छा दरभंगा एयरपोर्ट को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की रही है. इसके लिए राज्य सरकार की ओर से जमीन उपलब्ध कराने समेत लगातार सहयोग किया जाता रहा है.

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में इस वर्ष 20 मई को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गयी थी.

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

संजय कुमार झा ने विश्वास जताया कि नया टर्मिनल शुरू होने और दरभंगा से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत होने पर मिथिला सहित पूरे उत्तर बिहार को फायदा होगा. इससे पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.

यह भी पढ़ें:

LNMU Exam: इंटर्नल परीक्षा के अंक 20 अगस्त तक होंगे अपलोड, कॉलेजों को मिला निर्देश


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन