कोसी नदी में डूबे युवक का शव चार दिन बाद बरामद, परिवार में मचा कोहराम

सांकेतिक तस्वीर
जमालपुर के सिरनिया गांव में कोसी नदी के उफनते पानी ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया. सब्जी खरीदने निकले 26 वर्षीय नरेश सदा का पैर फिसलने से वो नदी में बह गए. चार दिन की अथक तलाश के बाद गुरुवार को घटनास्थल से 10 किलोमीटर दूर उनका शव बरामद हुआ.
Darbhanga News: जमालपुर थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव में कोसी नदी के तेज बहाव में डूबे 26 वर्षीय नरेश सदा का शव घटना के चार दिन बाद गुरुवार सुबह बरामद किया गया. शव घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर मिला. सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.
Jamalpur News: सब्जी खरीदने निकले थे नरेश
परिजनों के अनुसार नरेश सदा 19 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे घर से किरतपुर हाट सब्जी खरीदने के लिए निकले थे. रास्ते में कोसी नदी किनारे शौच के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और पुलिस ने लगातार उनकी तलाश की, लेकिन चार दिनों तक कोई सफलता नहीं मिली.
10 किलोमीटर दूर मिला शव
गुरुवार सुबह परिजन एक बार फिर नदी किनारे खोजबीन करने निकले. इसी दौरान घटनास्थल से लगभग 10 किलोमीटर दूर नरेश का शव दिखाई दिया. सूचना मिलने पर स्थानीय चौकीदार और जमालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नरेश सदा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी असामयिक मौत से परिवार गहरे संकट में आ गया है. मृतक अपने पीछे दो छोटी बेटियों और गर्भवती पत्नी को छोड़ गए हैं. परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी और अब कमाने वाला एकमात्र सदस्य भी नहीं रहा. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर महिलाओं को मिलेगा 1 लाख तक अनुदान, ईवी नीति से बढ़ेगी हरित परिवहन व्यवस्था
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










