शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद लोहिया चौक पर भड़की हिंसा, उपद्रवियों की भूमिका पर उठे सवाल

सांकेतिक तस्वीर
दरभंगा में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद अचानक हुई हिंसा ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. लोहिया चौक की ओर बढ़े एक समूह में पत्थरबाजी और आगजनी से स्थिति तनावपूर्ण हो गई. छात्रों ने असामाजिक तत्वों पर छवि खराब करने का आरोप लगाया है.
Darbhanga News: गुरुवार को आयोजित प्रदर्शन के बाद शहर में हुई हिंसा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो चुका था और अधिकांश प्रदर्शनकारी अलग-अलग मार्गों से अपने घर लौट गए थे. लेकिन लोहिया चौक की ओर बढ़े एक समूह में अचानक पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं शुरू हो गईं. कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा.
लोहिया चौक से लौट रहे समूह पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के अन्य हिस्सों से लौटने वाले प्रदर्शनकारियों के साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई. केवल लोहिया चौक की ओर बढ़े समूह में हिंसा होने से आशंका जताई जा रही है कि भीड़ में पहले से मौजूद कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की.
छात्रों ने उपद्रवियों पर लगाया आरोप
प्रदर्शन में शामिल कई छात्रों ने कहा कि उनका उद्देश्य अपनी मांगों को शांतिपूर्वक प्रशासन तक पहुंचाना था. उनका आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने छात्रों की आड़ लेकर हिंसा फैलाई और पूरे आंदोलन की छवि खराब करने का प्रयास किया. छात्रों ने दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
CCTV और वायरल वीडियो की जांच
पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. घटनास्थल के CCTV फुटेज, मोबाइल वीडियो और सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों का विश्लेषण किया जा रहा है. हिंसा में शामिल संदिग्ध 86 लोगों की तस्वीरें जारी कर आम लोगों से उनकी पहचान बताने की अपील की गई है. कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है.
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हिंसा किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










