दरभंगा: बसंत पंचायत के किसान सलाहकार पदमुक्त, फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही के आरोप

Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 06 Jun 2026 8:23 PM

विज्ञापन

दरभंगा के कतरौल बसंत पंचायत के किसान सलाहकार नरेंद्र झा को जिला कृषि पदाधिकारी ने पदमुक्त कर दिया है. विभाग ने फार्मर रजिस्ट्री अभियान में लापरवाही और अन्य आरोपों का हवाला दिया है, जबकि नरेंद्र झा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

जाले, दरभंगा से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट

Darbhanga News: जिला कृषि पदाधिकारी, दरभंगा ने कतरौल बसंत पंचायत के किसान सलाहकार नरेंद्र झा को पदमुक्त करने का आदेश जारी किया है. चार जून 2026 को जारी आदेश में फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान के दौरान अपेक्षित कार्य नहीं करने तथा सरकारी पदाधिकारियों के विरुद्ध कथित रूप से भ्रामक और गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया गया है.

विभाग ने कार्रवाई का बताया आधार

कार्यालय आदेश के अनुसार अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सदर दरभंगा की अनुशंसा पर नरेंद्र झा से स्पष्टीकरण मांगा गया था. विभाग का कहना है कि प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया. आदेश में किसान सलाहकार चयन मार्गदर्शिका के प्रावधानों के उल्लंघन, स्वेच्छाचारिता, स्थानीय राजनीति में संलिप्तता तथा कर्तव्यों के प्रति लापरवाही के आरोपों का उल्लेख किया गया है. इन्हीं आधारों पर उन्हें पदमुक्त करने की कार्रवाई की गई.

नरेंद्र झा ने आरोपों को किया खारिज

दूसरी ओर, नरेंद्र झा ने विभागीय आरोपों को पूर्वाग्रहपूर्ण और निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि जनवरी माह में पंचायत भवन पर आयोजित शिविर में सामूहिक प्रयास से 290 किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई थी. उनका कहना है कि उन्होंने अभियान के दौरान ई-केवाईसी का कार्य भी किया था और किसानों को योजनाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाई थी.

स्पष्टीकरण मांगने के दावे पर भी सवाल

नरेंद्र झा ने यह भी दावा किया कि उनसे किसी कार्य के संबंध में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी द्वारा कोई स्पष्टीकरण नहीं मांगा गया था. उन्होंने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें अपना पक्ष रखने का उचित अवसर नहीं मिला.

मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. वहीं विभागीय आदेश के बाद किसान सलाहकार पद से उन्हें मुक्त कर दिया गया है.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन