Darbhanga News: एटीएम पर अपना मोबाइल नंबर लिखकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे बदमाश

Darbhanga News:जिले में बदमाशों ने एटीएम को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. एटीएम बॉक्स को काटने के अलावा एटीएम में ठगी के हथकंडे बदमाश अपना रहे हैं.
Darbhanga News: दरभंगा. जिले में बदमाशों ने एटीएम को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. एटीएम बॉक्स को काटने के अलावा एटीएम में ठगी के हथकंडे बदमाश अपना रहे हैं. एटीएम से छेड़छाड़ करने के बाद बदमाश वहां अपना नंबर अंकित कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं. एटीएम लूटने का एक असफल प्रयास 10 जनवरी को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के लक्ष्मीसागर में किया गया था. बदमाशों ने रुपये के बाक्स को काटकर ले जाने की कोशिश की, हालांकि अपने मकसद में वे कामयाब नहीं हो सके. लोगों को आता-जाता देख बदमाश भाग निकले. जब रुपये की निकासी करने लोग एटीएम में गए, तब घटना की जानकारी मिली थी. बदमाशों ने एटीएम के आगे के भाग को पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था. सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों का फोटो व करतूत कैद हो गया. बावजूद पुलिस उन्हें चिन्हित नहीं कर सकी.
हेल्पलाइन के नाम पर लिख देते अपना नंबर
ठगी के लिए एटीएम मशीन या संबंधित रूम की दीवार पर अपना नंबर हेल्पलाइन के नाम पर अंकित कर देते हैं. साथ ही मशीन में कार्ड डालने की जगह पर छेड़छाड़ कर दी जाती है. पैसे निकालने के लिये पहुंचने वाले लोगों द्वारा एटीएम में डालने पर कार्ड फंस जाता है. ऐसी स्थिति में सामने हेल्प लाइन नाम से अंकित मोबाइल नंबर पर वे कॉल करते हैं. फोन पर सूचना मिलते ही ग्राहक को ठगी का शिकार बनाने बदमाश वहां पहुंच जाता है. ग्राहक काे झांसा देकर उनका किसी अपने के खाता में ट्रांसफर कर देता है या निकासी कर लेता है.
हाल के दिनों में ठगी के आये दो मामले सामने
हाल के दिनों में इस तरह के दो मामले सामने आये हैं. तीन जनवरी को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित एटीएम पर कादिराबाद निवासी विमल कुमार रुपये निकालने गये थे. मशीन में लगाते ही कार्ड फंस गया. उन्होंने दीवाल पर लिखे हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया. कॉल रिसीव करने वाला अपने को बैंक कर्मी बताते हुए कादिराबाद पुराने बस स्टैंड के पास आने को कहा. वहां जाने पर कोई नहीं मिला. वापस आने पर देखा कि एटीएम कार्ड गायब है. साथ ही उनके खाता से 33500 रुपये निकल गये हैं. कुछ इसी तरह का मामला लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बलभद्ररपुर निवासी अभयनाथ झा के साथ हुआ. वे बलभद्ररपुर स्थित एटीएम से रुपये की निकासी करने गये. कार्ड फंस गया. दीवार पर लिखे नंबर पर फोन किया. फोन करने पर बाइक से दो युवक पहुंचे. बाहर ले जाकर उनसे पूछताछ की. बाद में कार्ड थमाकर लौट गये. इस बीच उनके खाता से रुपये ट्रांसफर हो गये. दोनों ही मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




