बिहार के इस जिले में शुरू होगा बुलडोजर एक्शन, 500 से अधिक लोगों पर FIR की तैयारी
Published by : Paritosh Shahi Updated At : 27 Dec 2025 6:40 PM
सांकेतिक फोटो
Bihar Bulldozer Action: पश्चिमी चंपारण के एक इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. जल संसाधन विभाग ने अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है. नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर एफआईआर दर्ज की जाएगी.
Bihar Bulldozer Action: पश्चिमी चंपारण के बेलवा-साठी नहर के ऊपर वर्षों से फैले अतिक्रमण पर अब प्रशासन का शिकंजा कसने वाला है. जल संसाधन विभाग की ओर से नहर की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा जमाए लोगों को हटाने के लिए ठोस और निर्णायक पहल शुरू कर दी गई है. त्रिवेणी नहर निर्माण विभाग ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सीधे एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी और बुलडोजर चलाया जाएगा.
एफआईआर दर्ज की जाएगी
बेलवा-साठी नहर के जूनियर इंजिनियर रामनिरंजन प्रसाद ने बताया कि गौनाहा, नरकटियागंज और साठी क्षेत्र में नहर के ऊपर अतिक्रमण करने वाले करीब 500 लोगों को चिह्नित किया गया है. इन सभी को पहले कई बार नोटिस दिया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया.
विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए शिकारपुर, गौनाहा और साठी थाना को प्रतिवेदन भेज दिया है. स्पष्ट कर दिया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर सीधे एफआईआर दर्ज की जाएगी. विभागीय कार्यवाही के बाद नहर की जमीन का अतिक्रमण करने वाले और खरीद फरोख्त करने वालों में हड़कंप मच गया है.
नरकटियागंज शहर में सर्वाधिक अतिक्रमण
बेलवा-साठी नहर गौनाहा थाना क्षेत्र के मेघौली गांव के पास त्रिवेणी नहर से निकलती है और नरकटियागंज शहर के बीचोबीच से होते हुए साठी तक जाती है. करीब 30 किलोमीटर लंबी इस नहर के दोनों किनारों और बांध पर कई स्थानों पर अतिक्रमण किया गया है. सबसे अधिक अतिक्रमण नरकटियागंज शहर में देखने को मिलता है, जहां नहर के बांध पर कहीं दुकानें खड़ी हैं तो कहीं आलीशान पक्के मकान तक बना लिए गए हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
किसी दबाव में नहीं रुकेगा अभियान
पकड़ी ढाला से लेकर हरदिया और फिर जयमंगलापुर तक नहर पुरी तरह अतिक्रमण में पहुंच कर नाले में तब्दील होने लगा है. शहर में लंबे समय से यह चर्चा भी आम रही है कि नहर की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की खरीद-बिक्री का खेल खुलेआम चलता रहा है. कुछ जगहों पर कब्जा बदलने के लिए मोटी रकम के लेन-देन की बातें भी सामने आती रही हैं. विभागीय कार्रवाई के बाद इस अवैध कारोबार पर रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है.
अतिक्रमण हटने के बाद नहर की मूल संरचना को सुरक्षित किया जाएगा, जिससे जल प्रवाह सुचारू हो सकेगा और भविष्य में बाढ़ और जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलेगी. विभाग ने साफ कर दिया है कि यह अभियान किसी दबाव में नहीं रुकेगा. अब देखना यह है कि वर्षों से नहर पर जमे कब्जे कब और कैसे हटते हैं, लेकिन इतना तय है कि बेलवा-साठी नहर से अतिक्रमण का खेल जल्द ही इतिहास बनने वाला है.
इसे भी पढे़ं: बिहार में जमीन और नौकरी से जुड़े काम होंगे आसान, वंशावली के नियम बदले, सरकार का बड़ा फैसला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










