राजपुर के अकबरपुर में 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे में लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

घटना स्थल पर ग्रामीणों की लगी भींड़
राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. 27 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.
Buxar suicide case : बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतक की पहचान अकबरपुर निवासी विद्यासागर सिंह के पुत्र दीपू कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सुबह कमरे में मिला युवक का शव
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे. दीपू कुमार भी रात में अपने कमरे में सोने गया था. शनिवार की सुबह घर के अन्य सदस्य अपने दैनिक कार्यों में जुट गए, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी दीपू अपने कमरे से बाहर नहीं आया. इसके बाद परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई.
परिजनों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो किसी तरह दरवाजा खोला गया. कमरे के अंदर का दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए.
दीपू कुमार का शव कमरे की कुंडी से फंदे के सहारे लटक रहा था. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना तुरंत राजपुर थाना पुलिस को दी गई. जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष निवास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतरवाया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है.
Buxar News : एफएसएल टीम जुटाएगी वैज्ञानिक साक्ष्य
राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जा रही है. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है.
उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही युवक के आत्महत्या करने के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दीपू कुमार की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद से पूरे अकबरपुर गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मानवाधिकार सदस्य सत्येंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










