Bihar Band: बक्सर में नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर कार्रवाई के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका

प्रदर्शन करते छात्र
बक्सर के नावानगर में छात्रों का नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला. युवाओं ने प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री के पुतले फूंके और इस्तीफे की मांग की.
Student Protest Erupts in Buxar : बक्सर जिले के नावानगर में शनिवार को छात्रों और युवाओं का गुस्सा सड़कों पर खुलकर देखने को मिला, जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई और नीट पेपर लीक मामले के विरोध में बड़ी संख्या में प्रदर्शन किया गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को जोरदार तरीके से उठाया.
प्रदर्शन की शुरुआत नावानगर गांव के सिकरौल मोड़ से हुई, जहां छात्र-छात्राएं और युवा एकत्र हुए और फिर जुलूस के रूप में डुमरांव बिक्रमगंज पथ होते हुए ब्रह्मस्थान तक पहुंचे. इसके बाद यह प्रदर्शन आगे बढ़ते हुए गुहटिया पुल के पास जाकर समाप्त हुआ. पूरे रास्ते प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपने हाथों में पोस्टर लेकर विरोध दर्ज कराया.
नारों से गूंजा इलाका, छात्रों ने जताया आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह से जोशीला रहा. छात्रों ने "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो", "छात्र एकता जिंदाबाद", "नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद" और "धर्मेंद्र प्रधान हाय-हाय" जैसे नारे लगाए. कई छात्र तख्तियां लेकर चल रहे थे, जिन पर नीट परीक्षा में पारदर्शिता की मांग और दोषियों पर कार्रवाई की बात लिखी थी. बंदे मातरम के नारों के साथ प्रदर्शनकारियों ने अपने आक्रोश को शांतिपूर्ण तरीके से व्यक्त किया.
Bihar Band : पुलिस और प्रशासन रहा अलर्ट मोड में
छात्रों के इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. सिकरौल मोड़ से लेकर ब्रह्मस्थान और गुहटिया पुल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो. मौके पर दंडाधिकारी के साथ कई पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी.
इस दौरान डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, डीएसपी रिजर्व, डीएसपी साइबर, सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, ब्रह्मपुर सर्किल इंस्पेक्टर ओमप्रकाश, नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार, सीओ सुधांशु शेखर मिश्रा, सोनवर्षा थानाध्यक्ष राजीव रंजन, सिकरौल थानाध्यक्ष दिलीप यादव और कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सहित कई पदाधिकारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे.
पुतला दहन के साथ प्रदर्शन का समापन
गुहटिया पुल के पास पहुंचकर छात्रों ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया. इसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हुआ. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक नीट पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई नहीं होती और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखा और कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं आई. हालांकि, छात्रों का गुस्सा साफ तौर पर दिखा और यह संकेत भी मिला कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर आंदोलन और तेज हो सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










