बक्सर में शराब के नशे में पिता-पुत्र ने मचाया उत्पात , पुलिस पर भी बरसाए ईट-पत्थर, एक दर्जन से ज्यादा घायल

सिमरी के दुधीपट्टी में नशे में धुत बाप-बेटे ने पुलिस और ग्रामीणों पर पथराव किया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
Buxar News : बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के दुधीपट्टी मोहल्ले में गुरुवार देर रात शराब के नशे में धुत्त बाप-बेटे ने जमकर उत्पात मचाया. दोनों ने पहले ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. इस घटना में पुलिसकर्मी समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरी में कराया गया.
ग्रामीणों के बाद पुलिस टीम पर भी किया हमला
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने हालात को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन नशे में धुत्त दोनों आरोपी पुलिस टीम से भी उलझ गए. आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और ईंट-पत्थर चलाकर हमला कर दिया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर सुरक्षित थाना पहुंचाया.
थाने में भी करते रहे हंगामा
पुलिस के अनुसार, थाना परिसर में ब्रेथ एनालाइजर से जांच के दौरान भी दोनों आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और हाथापाई की. इसके बाद पुलिस ने किसी तरह उन्हें नियंत्रित कर हाजत में बंद कर दिया.
दोनों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में पुलिस अवर निरीक्षक विक्रमा सिंह के बयान पर दुधीपट्टी निवासी अजय पांडेय और उसके पुत्र भोलू पांडेय के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, शराबबंदी कानून से जुड़े मामलों में दोनों के खिलाफ पहले भी स्थानीय थाना में मामला दर्ज हो चुका है.
कोर्ट भेजे गए दोनों आरोपी
शुक्रवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक कार्रवाई के लिए बक्सर कोर्ट भेज दिया. थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने कहा कि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जा रहा है. कानून हाथ में लेने और पुलिस कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










