बक्सर: रात को छत फांदकर घुसा चोर और मोबाइल लेकर हुआ फरार, सुबह लोगों ने दबोचा
डुमरांव थाना में पुलिस की हिरासत में पकड़ा गया चोर | Prabhat Khabar Network
डुमरांव में घर में घुसकर मोबाइल चोरी करने वाले युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Buxar News : नगर में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है. रविवार की मध्य रात्रि पुराना थाना डुमरांव निवासी नूरेन, पिता मुख्तार कुरैशी के घर में घुसकर मोबाइल चोरी करने के आरोप में स्थानीय लोगों ने सोमवार की सुबह एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. तलाशी के दौरान युवक के पास से मोबाइल बरामद हुआ. पूछताछ के बाद मोबाइल नूरेन का होने की पुष्टि हुई. पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
परिवार के सोते ही छत फांदकर घर में घुसा युवक
बताया जाता है कि रविवार की रात करीब 12 बजे नूरेन के परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे. इसी दौरान शक्ति द्वार, डुमरांव निवासी सत्यम कुमार, पिता दयानंद प्रसाद, के कथित तौर पर छत फांदकर घर में प्रवेश करने की बात सामने आयी है. घर में कीमती सामान नहीं मिलने पर वह एक मोबाइल लेकर फरार हो गया. सुबह नूरेन के जागने पर मोबाइल गायब मिला. काफी खोजबीन के बाद भी मोबाइल का पता नहीं चला.
ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट पर पहुंचते ही लोगों ने पकड़ा
सोमवार की सुबह करीब 10 बजे पुराना थाना के समीप ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट पर स्थानीय लोगों ने एक युवक को संदिग्ध स्थिति में पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ. लोगों ने मोबाइल का लॉक खोलने को कहा, लेकिन युवक लॉक नहीं बता सका. इसके बाद पूछताछ में युवक द्वारा कथित तौर पर मोबाइल को रात में नूरेन के घर से चोरी करने की बात स्वीकार करने की जानकारी सामने आयी.
चार्जिंग प्वाइंट से चोरी के आरोप भी सामने आये
स्थानीय लोगों के अनुसार, पकड़े गये युवक पर ई-रिक्शा चार्जिंग प्वाइंट से पहले भी मोबाइल, चार्जर और बैट्री चोरी करने के आरोप लगते रहे हैं. इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना डुमरांव थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गयी.
एक अन्य युवक का भी लिया नाम
पुलिस पूछताछ के दौरान सत्यम कुमार ने कथित तौर पर अपने साथ इकबाल नामक एक अन्य युवक के होने की बात बतायी. उसने बताया कि इकबाल का घर रेलवे स्टेशन के पूर्वारी गुमटी के आसपास है. पुलिस अब इस जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
पुलिस ने मोबाइल बरामद कर जांच शुरू की
डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पकड़े गये युवक सत्यम कुमार के संबंध में जांच की जा रही है. चोरी का मोबाइल बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया गया है. मामले में आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











