बक्सर इंजीनियरिंग कॉलेज में नए विद्यार्थियों का स्वागत, 275 छात्रों के लिए शुरू हुआ पांच दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम
कार्यक्रम में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय बक्सर में नवप्रवेशी छात्रों के लिए पांच दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम शुरू, प्राचार्य ने छात्रों को किया प्रेरित।
Buxar News : बक्सर के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकित नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए पांच दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम रविवार से शुरू हो गया. कार्यक्रम 14 अगस्त तक चलेगा. इस वर्ष महाविद्यालय में अब तक करीब 275 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ है. कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, संसाधनों, अनुशासन और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है.
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई. इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. रामनरेश राय समेत सभी फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे. दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान, उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की गयी.
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की दी सलाह
प्राचार्य प्रो. डॉ. रामनरेश राय ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा, उपलब्ध सुविधाओं, अनुशासन और सर्वांगीण विकास के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान में उपलब्ध अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की.
तकनीकी शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों पर जोर
डीन एकेडमिक डॉ. श्यामलाल वर्मा ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, कक्षा संचालन और अकादमिक गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में मानवीय मूल्य, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होना भी जरूरी है.
विभागाध्यक्षों ने बतायीं प्रयोगशालाओं और संसाधनों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान सभी विभागाध्यक्षों ने अपने-अपने विभाग, प्रयोगशालाओं, उपलब्ध संसाधनों और विद्यार्थियों के लिए मौजूद अवसरों के बारे में जानकारी दी. विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के दौरान मिलने वाले व्यावहारिक अनुभव और विभिन्न गतिविधियों से भी अवगत कराया गया.
परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया की दी जानकारी
परीक्षा नियंत्रक गौरव परमार ने विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया, मूल्यांकन व्यवस्था और परीक्षा से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों से अकादमिक नियमों और समयसीमा का पालन करने को कहा.
करियर काउंसलिंग और विशेषज्ञ व्याख्यान भी होंगे
डॉ. श्यामलाल वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान करियर काउंसलिंग, विशेषज्ञ व्याख्यान, कैंपस भ्रमण और विद्यार्थी संवाद समेत कई गतिविधियां होंगी. महाविद्यालय का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान के माहौल से परिचित कराने के साथ उनमें ज्ञान, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











