बक्सर के निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन

पीड़ित परिजनों को समझाती पुलिस

बक्सर के विवेक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 20 वर्षीय महिला की मौत से हड़कंप मच गया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा हुआ और पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली.

विज्ञापन

Buxar News: शहर के चरित्रवन स्थित विवेक हॉस्पिटल में सोमवार को इलाज के दौरान 20 वर्षीय महिला सुनैना देवी की मौत के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्साकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध जताया. घटना के बाद देर रात तक अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा.

मृतका सुनैना देवी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के बारूपुर गांव निवासी अजीत कुमार की पत्नी थी. अजीत कुमार के अनुसार, सुनैना को करीब तीन दिन पहले इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

तबीयत बिगड़ने पर आईसीयू में कराया गया भर्ती

परिजनों के अनुसार, सोमवार को दोपहर बाद अचानक सुनैना की तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद उसे आईसीयू में ले जाया गया. परिजनों का आरोप है कि आईसीयू में ले जाने के बाद सुनैना को लगातार तीन इंजेक्शन लगाये गये और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गयी. महिला की मौत के बाद परिजनों ने इलाज और मौत के कारण को लेकर अस्पताल कर्मियों से सवाल किया.

अस्पताल कर्मियों पर मारपीट का आरोप

परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद इलाज और मौत के कारण को लेकर सवाल करने पर अस्पताल कर्मी नाराज हो गये. इसके बाद मृतका के पति अजीत कुमार के साथ मारपीट की गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में पहुंच गये. इससे वहां हंगामे की स्थिति बन गयी और काफी देर तक अफरातफरी मची रही.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. परिजनों और स्थानीय लोगों ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की. प्रभारी थानाध्यक्ष उदय कुमार के अनुसार, पुलिस ने परिजनों से लिखित शिकायत देने को कहा था. बाद में मृतका के पति द्वारा अपनी पत्नी का शव स्वेच्छा से ले जाने की लिखित इच्छा जाहिर की गयी, जिसके बाद मामला समाप्त हो गया.

अस्पताल को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने अस्पताल को लेकर पूर्व में भी कई तरह की शिकायतें और घटनाएं सामने आने का आरोप लगाया. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पूर्व की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर समय रहते कार्रवाई की गयी होती, तो ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बनती. हालांकि, महिला की मौत और परिजनों द्वारा लगाये गये आरोपों के संबंध में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है.


विज्ञापन
ओंकार नाथ मिश्रा

लेखक के बारे में

By ओंकार नाथ मिश्रा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन