सावन में बक्सर के 30 प्रशिक्षण केंद्रों पर मेहंदी कार्यक्रम का आयोजन, महिलाओं ने पारंपरिक कला को स्वरोजगार से जोड़ने का लिया संकल्प
मेहंदी कार्यक्रम में शामिल प्रशिक्षु
जन शिक्षण संस्थान बक्सर ने महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मेहंदी जैसे पारंपरिक कौशल को स्वरोजगार से जोड़ा है. सावन माह के अवसर पर 30 प्रशिक्षण केंद्रों पर आयोजित मेहंदी कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साह से भाग लिया.
Jan Shikshan Sansthan Buxar: जन शिक्षण संस्थान बक्सर, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत महिलाओं एवं युवतियों को रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है. इसी क्रम में सावन माह के अवसर पर बक्सर जिले के 30 प्रशिक्षण केंद्रों पर एक साथ मेहंदी आयोजन किया गया. 30 अनुदेशिकाओं के नेतृत्व में उनके-अपने केंद्रों पर बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
हरे परिधान में दिखा सावन का उल्लास
आयोजन के दौरान प्रशिक्षणार्थियों और अनुदेशिकाओं ने हरे रंग के परिधान पहनकर सावन की हरियाली और उल्लास को प्रदर्शित किया. इस दौरान प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के हाथों में सुंदर मेहंदी लगायी और लगवायी. सावन भारतीय संस्कृति में हरियाली, प्रेम, उल्लास और लोक परंपराओं का विशेष महीना माना जाता है. कजरी गीत, झूले और मेहंदी सावन की खूबसूरत परंपराओं का हिस्सा हैं. इसी सांस्कृतिक परंपरा को कौशल एवं स्वरोजगार से जोड़ते हुए यह आयोजन किया गया.
मेहंदी को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर
निदेशक मधु सिंह ने कहा कि मेहंदी जैसी पारंपरिक कला को कौशल के रूप में विकसित कर महिलाएं इसे स्वरोजगार का बेहतर माध्यम बना सकती हैं. कार्यक्रम पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह का आयोजन महिलाओं के कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. वहीं, अपनी परंपरा और संस्कृति को बढ़ावा देने, संजोने एवं संरक्षित करने की दिशा में भी जन शिक्षण संस्थान बक्सर की यह कोशिश है.
प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा
आयोजन में संजना, रंजना, खुशबु, आंचल, अनुपा, सरिता, स्नेहा, प्रियंका, शीतल, रंजू, सुंदरी, रिंकी, हिना, साक्षी, खुशबु, आरती, जासमीन, रौशनी, स्तुति, काजल, दुर्गा एवं अनीशा सहित अन्य प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इनमें कुछ प्रतिभागियों ने मेहंदी लगायी, जबकि कुछ ने मेहंदी लगवायी. इस तरह प्रशिक्षण केंद्रों पर सावन का उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











