बक्सर में सफाई कर्मियों की हड़ताल से चरमरायी सफाई व्यवस्था, सड़कों पर कचरे के ढेर, बदबू से लोग परेशान

Updated:
विज्ञापन

स्टेशन रोड में सड़क पर फैला कचरा

बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में सफाई कर्मियों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर सफाई व्यवस्था ठप कर दी है. इससे शहर की सड़कें और गलियां कचरे के ढेर में तब्दील हो गई हैं, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी हो रही है.

विज्ञापन

Buxar News: बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने मंगलवार से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप कर दी है. सफाई कार्य बंद होने के कारण शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक जगह-जगह कचरे के ढेर लग गये हैं. कचरा वाहनों के संचालन के दौरान भी सड़कों पर कचरा फैलने की स्थिति बनी हुई है. बारिश और उमस भरे मौसम के बीच कचरा जमा होने से बदबू फैलने लगी है. इससे नगरवासियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सफाई कर्मियों ने वेतन भुगतान की मांग को लेकर सफाई कार्य बंद किया है.

हर माह 10 तारीख से पहले वेतन भुगतान का हुआ था समझौता

सफाई कर्मियों के अनुसार, हर माह की 10 तारीख से पहले वेतन भुगतान करने को लेकर पूर्व में समझौता हुआ था. उनका आरोप है कि इस समझौते का पालन नहीं होने के कारण उन्होंने मंगलवार से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप कर दी. सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनके खाते में भुगतान नहीं आ जाता, तब तक वे सफाई कार्य नहीं करेंगे.

मुख्य सड़कों और बाजारों में लगे कचरे के ढेर

सफाई व्यवस्था ठप होने से स्टेशन रोड, ज्योति चौक, मेन मार्केट और किला मैदान के आसपास कचरे के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गये हैं. सब्जी मंडी और ठठेरी बाजार में भी स्थिति खराब बतायी जा रही है. कचरे से उठ रही सड़ांध के कारण दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है. स्थानीय स्तर पर लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है, जिससे कारोबार पर असर पड़ रहा है. निस्तारण केंद्रों पर भी काफी मात्रा में कचरा जमा हो गया है. बारिश और उमस के कारण कचरे से बदबू निकल रही है. नगर परिषद के आंकड़ों के मुताबिक शहर में प्रतिदिन करीब 88 टन कचरा जमा होता है.

सफाई व्यवस्था ठप होने से स्वास्थ्य को लेकर चिंता

शहर में जगह-जगह कचरा जमा होने के कारण नगरवासियों में स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है. बारिश के मौसम में कचरा जमा रहने से बदबू और गंदगी की समस्या और बढ़ गयी है.

क्या कहते हैं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी

नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने कहा कि सफाई को लेकर शिकायत मिली है. सफाई कर्मियों की मांगों को लेकर उनका कोई प्रतिनिधि वार्ता या लिखित शिकायत के लिए नहीं पहुंचा है. हालांकि, एजेंसी का पिछले तीन महीने से भुगतान नहीं हो पाया है.


विज्ञापन
आशुतोष सिंह

लेखक के बारे में

By आशुतोष सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन