विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से किशोर की मौत

आनंद और आस्था के बीच मातम का साया तब छा गया जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान अरियाव गांव का 17 वर्षीय किशोर तालाब में डूबकर असमय काल के गाल में समा गया.
कृष्णाब्रह्म. आनंद और आस्था के बीच मातम का साया तब छा गया जब दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान अरियाव गांव का 17 वर्षीय किशोर तालाब में डूबकर असमय काल के गाल में समा गया. घटना ने पूरे गांव को गहरे शोक में डूबा दिया है. मिली जानकारी के अनुसार अरियाव गांव के शशि साह का पुत्र रोहित कुमार मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए ग्रामीणों के साथ गांव से पूर्व दिशा स्थित तालाब पर गया था. विसर्जन की प्रक्रिया चल ही रही थी कि अचानक रोहित तालाब के गहरे पानी में उतर गया और देखते ही देखते लहरों में समा गया. ग्रामीणों ने उसे निकालने का प्रयास किया और आनन-फानन में डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रोहित की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया. जिस घर में अभी कुछ दिन पहले पूजा-पाठ और भक्ति गीत गूंज रहे थे, वहां मातम छा गया. स्वजन बेसुध होकर रो-रोकर बुरा हाल कर बैठे है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमा विसर्जन का उत्साह इस त्रासदी के बाद गमगीन हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना अध्यक्ष संजीत कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर जिला अस्पताल भेज दिया है. अरियाव गांव में रोहित की मौत ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है. हर कोई यही कह रहा है कि एक मासूम की जिंदगी इतनी जल्दी खत्म हो जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. विसर्जन की उमंग मातम में बदल जाने से गांव का हर दिल गमगीन है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




