बक्सर: 15 अगस्त को लेकर अलर्ट पर RPF, बक्सर रेलवे स्टेशन पर चलाया सघन सुरक्षा व चेकिंग अभियान
सामान की जांच करते इंस्पेक्टर | Prabhat Khabar Network
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर, बक्सर रेलवे स्टेशन पर RPF द्वारा सघन सुरक्षा और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. यात्रियों और परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष चौकसी बरती जा रही है. यह अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा.
Buxar News: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मद्देनजर रेलवे परिसरों और रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट बक्सर द्वारा गुरुवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर विशेष सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान चलाया गया. यह अभियान आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के कुशल दिशा-निर्देशन में संचालित किया गया.
आपके शहर में
संवेदनशील इलाकों और यात्रियों के सामानों की गहन जांच
सुरक्षा अभियान के दौरान उपनिरीक्षक विजेंद्र मवाल, उपनिरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, सहायक उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार यादव सहित आरपीएफ के जवानों ने स्टेशन परिसर में गहन गश्त और चेकिंग की.
टीम द्वारा बक्सर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों, प्रवेश व निकास द्वारों, फुट ओवरब्रिज (FOB), यात्री प्रतीक्षालयों, टिकट काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थलों की तलाशी ली गई. स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के संदिग्ध सामान और लावारिस वस्तुओं की जांच मेटल डिटेक्टर्स के जरिए की गई.
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, यात्रियों से की अपील
स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. चेकिंग के दौरान आरपीएफ जवानों ने यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि यदि स्टेशन या ट्रेन में कोई भी लावारिस वस्तु अथवा संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन पर दें.
स्वतंत्रता दिवस तक जारी रहेगा चेकिंग अभियान
आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए स्टेशन परिसर और ट्रेनों में आरपीएफ जवानों की गश्त, संदिग्धों की धरपकड़ और सुरक्षा चेकिंग का यह अभियान स्वतंत्रता दिवस तक निरंतर और मुस्तैदी के साथ जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए