बक्सर: 15 अगस्त को लेकर अलर्ट पर RPF, रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 से लावारिस बैगों में बंद 22 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

Updated:
विज्ञापन

बरामद शराब | Prabhat Khabar Network

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. इसी क्रम में प्लेटफॉर्म संख्या 1 से लावारिस हालत में मिले चार बैगों से 22 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है.

विज्ञापन

Buxar News: आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अवैध शराब तस्करी व आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट बक्सर द्वारा विशेष निगरानी एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. यह अभियान आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के कुशल दिशा-निर्देशन में संचालित किया जा रहा है.

इसी क्रम में गुरुवार को उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार, प्रधान आरक्षी बृजेश राय, आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव और आरक्षी सोनाल यादव की संयुक्त टीम ने बक्सर स्टेशन परिसर तथा अप एवं डाउन दिशा की ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया.

प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर लावारिस मिले 4 बैग

जांच के दौरान सुबह करीब 9:30 बजे गाड़ी संख्या 22362 के बक्सर स्टेशन से गंतव्य के लिए रवाना होने के उपरांत आरपीएफ टीम को प्लेटफॉर्म संख्या 1 के पूर्वी छोर (कोलकाता छोर) पर चार बैग लावारिस अवस्था में पड़े दिखाई दिए.

आसपास के यात्रियों से पूछताछ करने पर जब किसी ने उन बैगों पर अपना दावा नहीं किया, तो सुरक्षा के दृष्टिकोण से आरपीएफ जवानों ने बैगों की गहन जांच की. बैग खोलने पर उनमें से विभिन्न ब्रांडों की कुल 22 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई.

शराब तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

RPF टीम द्वारा सभी लावारिस बैगों और उसमें रखी 22 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब को जब्त कर लिया गया. तत्पश्चात, जप्त की गई शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने हेतु जीआरपी (GRP) बक्सर के सुपुर्द कर दिया गया.

आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए बिहार में पूर्ण शराबबंदी के क्रियान्वयन और शराब तस्करों तथा असमाजिक तत्वों के खिलाफ आरपीएफ का यह विशेष अभियान ट्रेनों और स्टेशन परिसर में लगातार मुस्तैदी से जारी रहेगा.

Also Read: राष्ट्रीय लोक अदालत में वादो को सुलझाने का मौका, 12 सितंबर 2026 को हो रहा वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन


विज्ञापन
मृत्युंजय सिंह

लेखक के बारे में

By मृत्युंजय सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन