बक्सर में गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबे अधेड़, दिनभर चला सर्च ऑपरेशन, देर शाम तक नहीं मिला शव

सिमरी के महावीर घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक अधेड़ गहरे पानी में डूब गए। एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम शव की तलाश में जुटी है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Buxar News : बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत केशोपुर गांव स्थित महावीर घाट पर रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक अधेड़ गहरे पानी में डूब गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर प्रशासन ने एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू कराया, लेकिन देर शाम तक उनका शव बरामद नहीं हो सका.
स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए
जानकारी के अनुसार, सिमरी पंचायत के दुधीपट्टी गांव निवासी पूर्णमासी माली (56 वर्ष), पिता स्व. रामदयाल माली, रविवार सुबह करीब 8 बजे गंगा स्नान के लिए महावीर घाट पहुंचे थे. स्नान के दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए. आसपास मौजूद लोगों और पशुपालकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वे लापता हो चुके थे.
एनडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी भगवतीशंकर पांडेय, तिलक राय के हाता थाना पुलिस, केशोपुर मुखिया प्रतिनिधि छोटू मिश्रा और सिमरी मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद पांडेय मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम को बुलाया. दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली.
शव मिलने तक जारी रहेगा अभियान
अंचलाधिकारी भगवतीशंकर पांडेय ने बताया कि जब तक लापता व्यक्ति का शव बरामद नहीं हो जाता, तब तक खोज अभियान जारी रहेगा. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलते ही दुधीपट्टी गांव में शोक का माहौल छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. महावीर घाट पर भी बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और प्रशासन से जल्द खोज अभियान सफल होने की उम्मीद जताई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










