भारत के लिए खेल चुका हूं, अब कुछ हासिल नहीं करना... जानें भुवनेश्वर कुमार ने क्या कहा?

भुवनेश्वर कुमार (फोटो—एक्स)
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने भारतीय टीम में वापसी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि अब उनका यह सबसे बड़ा लक्ष्य नहीं है और वह केवल क्रिकेट के प्रति अपने प्यार की वजह से खेल रहे हैं. अपने करियर और भविष्य को लेकर भी उन्होंने कई अहम बातें कहीं हैं.
Bhuvneshwar Kumar: भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपने करियर और नेशनल टीम में वापसी को लेकर अहम बयान दिया है. 36 वर्षीय गेंदबाज ने कहा कि अब भारतीय टीम में वापसी उनके लिए सबसे बड़ा लक्ष्य नहीं है. वह इस समय सिर्फ क्रिकेट के प्रति अपने प्यार और जुनून की वजह से खेल रहे हैं.
अब कुछ हासिल नहीं करना
भुवनेश्वर ने संडे को RCB पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने टीम इंडिया से बाहर रहने वाली जिंदगी को स्वीकार कर लिया है और अब उन्हें किसी चीज को साबित करने का दबाव महसूस नहीं होता. उन्होंने कहा, 'मैं भारत के लिए खेल चुका हूं. अब मुझे कुछ और हासिल नहीं करना है. अगर मुझे दोबारा मौका मिलता है तो यह मेरे लिए अच्छी बात होगी, लेकिन मैं उस अनुभव को पहले ही जी चुका हूं. अभी मैं जो कुछ कर रहा हूं, वह सिर्फ खेल के प्रति मेरे प्यार की वजह से है.'
घर पर नहीं होती क्रिकेट की बात
भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर रहने के बावजूद वह पूरी तरह शांत और खुश हैं. इसका श्रेय उन्होंने अपने परिवार को दिया. उन्होंने कहा, 'घर पर हम कभी क्रिकेट के बारे में बात नहीं करते. हम यह चर्चा नहीं करते कि मैं भारतीय टीम में वापस आऊंगा या मुझे क्यों नहीं चुना गया. इससे मुझे आगे बढ़ने में काफी मदद मिली और मुझे कोई पछतावा नहीं है.'
आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में जारी है सफर
भुवनेश्वर कुमार ने आखिरी बार नवंबर 2022 में भारत के लिए इंटरनेशनल मुकाबला खेला था. उन्होंने अपने करियर में 21 टेस्ट, 121 वनडे और 87 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. भारतीय टीम से बाहर होने के बाद भी उन्होंने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपना प्रदर्शन जारी रखा है. वह यूपी टी20 लीग और घरेलू टूर्नामेंट में सक्रिय हैं. वहीं भुवनेश्वर ने भारत के लिए 121 वनडे मैचों में 141 विकेट लिए हैं. अपनी स्विंग गेंदबाजी के लिए मशहूर भुवी का करियर भारतीय क्रिकेट में एक खास स्थान रखता है.
Also Read: हार्दिक पंड्या ने आखिर क्यों मुंडवाया सिर? जानें असली वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










