सावन की पहली सोमवारी पर बक्सर रामरेखा घाट पर उमड़ा भीड़, गंगाजल लेकर 'बोल बम' के जयघोष के साथ रवाना हुए कांवरिया

चले कांवरिया शिव के धाम, बोल बम का रटते नाम | Prabhat Khabar Network
सावन की पहली सोमवारी पर बक्सर के गंगा घाटों पर कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी। शिव भक्त गंगा जल लेकर ब्रह्मपुर समेत विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना हुए।
Buxar News : सावन मास की पहली सोमवारी पर जलाभिषेक के लिए रविवार को बक्सर के गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. दोपहर से ही विभिन्न जिलों से पहुंचे कांवरियों ने गंगा में पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की और पवित्र गंगाजल लेकर बोल बम तथा हर-हर महादेव के जयघोष के साथ विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना हो गए.
रामरेखा घाट और श्रीनाथ बाबा घाट पर सबसे ज्यादा भीड़
शहर के रामरेखा घाट और श्रीनाथ बाबा घाट पर कांवरियों की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली. बक्सर के अलावा भोजपुर, रोहतास, कैमूर और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त यहां गंगाजल लेने पहुंचे. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए नगर परिषद की ओर से घाट पर सहायता शिविर भी लगाए गए.
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
पहली सोमवारी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. भीड़भाड़ वाले घाटों और प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ब्रह्मपुर धाम समेत कई शिवालयों के लिए निकले कांवरिए
गंगाजल लेकर श्रद्धालु ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर, इटाढ़ी के सोखा धाम, डुमरांव के जंगली नाथ शिव मंदिर तथा रोहतास और कैमूर के विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना हुए. केसरिया वस्त्र धारण किए कांवरियों के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
सावन में शिव आराधना का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन मास भगवान शिव को समर्पित होता है. इस महीने में विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करने से भगवान भोलेनाथ की विशेष कृपा प्राप्त होती है. इसी आस्था के कारण सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों और गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










