बक्सर DM का सख्त एक्शन, पंचायत विकास शिविर से लेकर राशन कार्ड और श्रावणी मेला तैयारियों पर दिए बड़े निर्देश

फोटो - बैठक में शामिल डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network
बक्सर जिला पदाधिकारी साहिला ने जिला समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और आमजन की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए.
Buxar News : बक्सर जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए. उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा.
पंचायत विकास शिविर में गैरहाजिर अधिकारियों पर डीएम नाराज
समीक्षा के दौरान पाया गया कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित पंचायत विकास शिविर में कई विभागों के अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति संतोषजनक नहीं रही. इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा को निगरानी टीम गठित करने का निर्देश दिया. टीम अधिकारियों की उपस्थिति और विभागवार प्राप्त आवेदनों की रिपोर्ट तैयार करेगी.
श्रावणी मेले से पहले सड़क मरम्मत और सफाई के निर्देश
डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव की अध्यक्षता में सड़कों की जांच के लिए टीम गठित करने का निर्देश दिया. वहीं ग्रामीण कार्य विभाग को श्रावणी मेले को देखते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों, विशेषकर जंगली महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने का आदेश दिया. नगर परिषद बक्सर, डुमरांव और ब्रह्मपुर को प्रमुख घाटों, मंदिरों और संपर्क मार्गों की साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया.
मंदिरों और घाटों पर मेडिकल टीम व एंबुलेंस रहेगी तैनात
सिविल सर्जन को बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर और रामरेखा घाट पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम तथा जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
5 अगस्त तक सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड जारी करने का आदेश
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी को 5 अगस्त तक नए राशन कार्ड के सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कर पात्र परिवारों को राशन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सहयोग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन, एक सप्ताह के भीतर ई-मापी मामलों के निस्तारण और CWJC/MJC मामलों में समय पर त्रुटिरहित तथ्य विवरणी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










