पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने बक्सर में लोगों से की अपील, बोले- मानवता के लिए महादान है अंगदान

Updated:
विज्ञापन
buxar news

समाजसेवियों को सम्मानित करते पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद

Buxar News: बक्सर शहर के एक निजी सभागार में दधीची देह दान समिति जिला इकाई द्वारा क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सिक्किम के पूर्व राज्यपाल सह समिति के प्रदेश अध्यक्ष गंगा प्रसाद ने किया. उन्होंने अंगदान को मानवता के लिए महादान बताते हुए लोगों से मृत्यु के बाद नेत्रदान और अंगदान करने की भावुक अपील की.

विज्ञापन

बक्सर से मनीष कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Buxar News:
बक्सर शहर के एक निजी सभागार में दधीची देह दान समिति जिला इकाई, बक्सर के तत्वावधान में क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की प्रदेश उपाध्यक्ष सह जिला अध्यक्ष मीना सिंह ने की, जबकि मंच का संचालन आसा पर्यावरण सुरक्षा के राज्य संयोजक सह दधीची देह दान समिति बक्सर के संयोजक शिक्षक विपिन कुमार ने किया. इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था.

अंगदान ही महादान, मृत्यु के बाद भी जीवित रहने का माध्यम: गंगा प्रसाद

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि दधीची देह दान समिति बिहार के प्रदेश अध्यक्ष एवं सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने कहा कि मानवता को कायम रखने के लिए अंगदान महादान है. उन्होंने लोगों से मृत्यु के बाद नेत्रदान करने की विशेष अपील करते हुए कहा कि जीवात्मा के शरीर से निकलने के बाद इस भौतिक शरीर का कोई महत्व नहीं रह जाता है. ऐसे में अपने अंगों का उपयोग दूसरों का जीवन बचाने के लिए किया जाना चाहिए, ताकि मृत्यु के बाद भी व्यक्ति दुनिया और लोगों के दिलों में जीवित रहे.

बक्सर में अब तक 2 देहदान और 200 लोगों ने लिया संकल्प

जिला अध्यक्ष मीना सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2019 में जिला स्तरीय समिति का गठन हुआ था और तब से समिति लगातार समाज के बीच जनजागरूकता का कार्य कर रही है. उन्होंने गौरव के साथ बताया कि अब तक बक्सर जिले में दो देहदान संपन्न हो चुके हैं तथा अंगदान और देहदान के लिए करीब 200 लोगों ने अपना संकल्प पत्र भरा है. इस विशेष अवसर पर सामूहिक रूप से तैयार संकल्प पत्र प्रदेश अध्यक्ष गंगा प्रसाद को सौंपा गया.

देहदान और नेत्रदान करने वाले परिवारों को मिला सम्मान

सम्मेलन के दौरान समाज के लिए प्रेरणा बनने वाले परिवारों को सम्मानित किया गया. इसमें देहदान करने वाले स्वर्गीय रामछबीला सिंह के भतीजे सुजीत सिंह तथा नेत्रदान करने वाले स्वर्गीय पन्नालाल सर्राफ के पुत्र विनीत सर्राफ सहित कई लोगों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया.

समाजसेवियों को लाइफ टाइम अचीवमेंट और विशेष अवार्ड

वहीं, समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान देने के लिए रोटरी के पास्ट गवर्नर डॉ. चंद्र माधव सिंह को प्रतिष्ठित ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान’ प्रदान किया गया. इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य के लिए शिक्षक विपिन कुमार तथा कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए राजेश केशरी समेत कई अन्य गणमान्य लोगों को भी मंच से सम्मानित किया गया. पूरे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने अंगदान और देहदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और समाज की हिचक दूर करने पर विशेष जोर दिया.

Also Read: बक्सर के अजय राय ने बढ़ाया जिले का मान, समाजसेवा के लिए राष्ट्रीय सम्मान से हुए सम्मानित

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन