बक्सर में प्रेम विवाह से बौखलाए परिजन: बेटी को बनाया बंधक, माता-पिता समेत तीन भाई गिरफ्तार

Published by : Nikhil Anurag Updated At : 28 May 2026 4:56 PM

विज्ञापन

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

Buxar News: बक्सर के डुमरांव में प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने युवती को 10 दिनों तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया. हत्या की साजिश के आरोप में माता-पिता समेत पांच गिरफ्तार किए गए.

विज्ञापन

Buxar News: (सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट) नया भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने तथा उसकी और उसके प्रेमी की हत्या की साजिश रचने के आरोप में युवती के माता-पिता समेत तीन भाइयों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई. जानकारी के अनुसार, नया भोजपुर थाना क्षेत्र की एक बालिग युवती ने कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक युवक दोनों एक ही समुदाय का है. इसी वर्ष फरवरी माह में कोर्ट मैरिज की थी. शादी के कुछ दिन बाद युवती के परिजन उसे समझाने-बुझाने के बहाने वापस घर ले आए. परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह कराने का भरोसा दिया, लेकिन घर पहुंचते ही युवती को घर में बंद कर दिया गया.

दस दिनों तक बंधक बनाकर की गई प्रताड़ना

युवती ने पुलिस को दिए फर्द बयान में बताया कि पिछले करीब दस दिनों से उसे घर में बंधक बनाकर रखा गया था. इस दौरान उसके साथ लगातार मारपीट की गई और भोजन तक नहीं दिया गया. युवती ने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता और भाई उसकी तथा उसके पति की हत्या की योजना बना रहे थे. इधर, जब युवक को अपनी पत्नी के साथ हो रहे अत्याचार की जानकारी मिली तो वह युवती के घर पहुंचा. आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसका सिर फोड़ दिया गया. घायल युवक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.

पुलिस टीम से हाथापाई, बढ़ा तनाव

सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की. स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद पुलिस टीम को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ पोलस्त कुमार के निर्देशन में तथा नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त बल के साथ दोबारा छापेमारी की गई. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में युवती और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

माता-पिता समेत पांच गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान युवती के पिता हरिशंकर प्रसाद, मां संजू देवी तथा तीनों भाइयों शुभम कुमार, विकास कुमार और विष्णु कुमार को गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. घायल युवक और युवती का पुलिस ने अस्पताल में इलाज भी कराया.

तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज

इस पूरे मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है. पहली प्राथमिकी युवती के फर्द बयान पर, दूसरी युवक के बयान पर तथा तीसरी पुलिस टीम के साथ हाथापाई और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में दर्ज की गई है.

प्रेमी के साथ रहने की जताई इच्छा

युवती ने पुलिस के समक्ष स्पष्ट रूप से अपने प्रेमी के साथ स्वेच्छा से रहने की इच्छा जताई है. साथ ही उसने अपने ही परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए हैं. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: बिहार के हर ब्लॉक में खुलेगा मॉडल स्कूल, सीएम सम्राट बोले- कॉन्वेंट छोड़ यहां पढ़ने आएंगे बच्चे, अधिकारियों को दिया ये काम

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन