जाम से कराह रहा शहर

Published at :12 Apr 2015 8:15 AM (IST)
विज्ञापन
जाम से कराह रहा शहर

कैसे मिलेगी निजात : शहर की संकीर्ण सड़कें व बड़े वाहन जाम के कारण शहर में अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था के कारण चौक-चौराहों पर जाम का नजारा रोज देखने को मिल रहा है. स्कूली बच्चों को भी जाम में उलझ कर देर से पहुंचने की आदत बन गयी है. वहीं, वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन […]

विज्ञापन
कैसे मिलेगी निजात : शहर की संकीर्ण सड़कें व बड़े वाहन जाम के कारण
शहर में अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था के कारण चौक-चौराहों पर जाम का नजारा रोज देखने को मिल रहा है. स्कूली बच्चों को भी जाम में उलझ कर देर से पहुंचने की आदत बन गयी है. वहीं, वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते हुए चौक-चौराहों पर ही वाहन लगा कर सवारी उतारने लगते हैं, जिससे जाम की समस्या और बढ़ जा रही है. सिंडिकेट के इलाके में सड़कों पर गाड़ियां खड़ी रहती है, जो जाम का मुख्य कारण है.
बक्सर : शहर में अनियंत्रित व अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था के कारण कई जगहों पर नियमित जाम लग रहा है, जिसके कारण आमजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शहर के इटाढ़ी गुमटी, मुनीम चौक, यमुना चौक, ज्योति चौक, जाम के लिए चिह्न्ति स्थल है. यहां हर समय पुलिस के जवानों की तैनाती की गयी है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था नियंत्रित हो सके. इसके अतिरिक्त शहर के बाजार में फुटपाथ पर लगनेवाले दुकानों के कारण भी जाम रहता है और लोगों को फजीहत ङोलनी पड़ रही है. जाम का मुख्य कारण सड़क पर बढ़ा वाहनों का बोझ और ट्रैफिक व्यवस्था का न होना है. सिंडिकेट क्षेत्र में सड़क पर दोनों ओर भारी वाहनों के खड़े रहने से और परेशानी बढ़ रही है.
मुनीम चौक : विद्यालय की बसों के कारण और जमीन के निबंधन कार्यालय को लेकर लोगों का आना-जाना, एसडीएम कार्यालय, जिला उत्पाद कार्यालय, आरक्षी अधीक्षक कार्यालय, जिला पर्षद कार्यालय व इलाहाबाद बैंक आदि में पार्किग का न होना मुनीम चौक पर लगनेवाले जाम का मुख्य कारण है. दिन में स्कूली बसों के कारण यहां प्राय: जाम लग जाता है, जिसके कारण स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में विलंब हो जाता है. यहां मार्ग भी काफी संकीर्ण है, जिसके कारण जाम को बल मिल जाता है.
यमुना चौक : चौरस्ता होने के कारण यहां पर चारों तरफ से गाड़ियां आती हैं और दूसरे मार्गो की ओर जाती हैं. बसों और गाड़ियों का रूट निर्धारित नहीं होने के कारण यहां अक्सर जाम लग जाता है. ऑटो चालक चौक पर ही गाड़ी रोक कर प्राय: सवारी उतारते और चढ़ाते हैं, जिसके कारण यमुना चौक पर हमेशा जाम की स्थिति हो जाती है.
ज्योति चौक : शहर के हृदय स्थल में स्थित ज्योति चौक पर जाम की समस्या गंभीर हो गयी है. यहां पर बाइपास से होकर जानेवाली गाड़ियां और बस स्टैंड से निकलनेवाली अन्य गाड़ियों का गुजरना जाम का कारण हो गया है. साथ ही स्टेशन से चलनेवाली तमाम गाड़ियां इसी क्षेत्र से होकर गुजरती हैं. जिला कार्यालय, न्यायालय, स्टेशन, आदि क्षेत्रों में जाने के लिए एक मात्र यही रास्ता होता है.
डीएवी स्कूल की छुट्टी के समय यहां अक्सर जाम हो जाता है, जिसके कारण आमजन परेशान रहते हैं.
आंबेडकर चौक : इस चौक से होकर समाहरणालय व व्यवहार न्यायालय तथा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में जानेवाली गाड़ियां गुजरती हैं.सड़क खराब रहने के कारण यहां भी जाम की समस्या होती है, लेकिन अपेक्षाकृत यहां कम जाम लगता है.
इस क्षेत्र से ही नयी बाजार, अस्पताल रोड जाने का भी रास्ता है, जिसके कारण वाहनों की संख्या कम है, लेकिन दोपहिया वाहन ज्यादा चलते हैं.
इटाढ़ी गुमटी : जिले के कई प्रखंडों में जाने का यह मुख्य मार्ग है और इस जगह पर रेलवे का क्रॉसिंग होने के कारण अक्सर ट्रेनें आती-जाती रहती हैं और गुमटी बंद रहता है. गुमटी बंद रहने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. गुमटी खुलने के बाद भी पहले हम, पहले हम की तर्ज पर जाने के चक्कर में अक्सर जाम लग जाता है.
क्या कहते हैं जिला परिवहन पदाधिकारी
जिला परिवहन पदाधिकारी अब्दुल रहमान ने बताया कि वाहनों के ओवरलोडिंग को रोकने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है. साथ ही सभी वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन कराने एवं बिना लाइसेंसी चालकों को रोकने के लिए चालकों के सीट के नीचे उनका नाम व ड्राइविंग लाइसेंस की छायाप्रति रखने का सख्त आदेश के कारण जाम की व्यवस्था सुधरेगी. उन्होंने कहा कि जाम के लिए दिशा निर्देश बनाये जा रहे हैं और निकट भविष्य में रूट भी तय किये जायेंगे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन