ट्रक के तहखाने से मिली 10 हजार बोतल शराब

Updated at : 11 Sep 2017 9:40 AM (IST)
विज्ञापन
ट्रक के तहखाने से मिली 10 हजार बोतल शराब

बक्सर/सिमरी : शराब तस्करों के मंसूबों पर बक्सर एसपी राकेश कुमार ने एक बार फिर पानी फेर दिया.सिमरी पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में शराब की खेप बरामद की है. यूपी से शराब की खेप बक्सर के बयासी गांव लायी जा रही थी. शराब लाने के लिए ट्रक में तहखाने बनाये गये थे. […]

विज्ञापन
बक्सर/सिमरी : शराब तस्करों के मंसूबों पर बक्सर एसपी राकेश कुमार ने एक बार फिर पानी फेर दिया.सिमरी पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में शराब की खेप बरामद की है. यूपी से शराब की खेप बक्सर के बयासी गांव लायी जा रही थी. शराब लाने के लिए ट्रक में तहखाने बनाये गये थे. छापेमारी के दौरान यूपी के तीन तस्कर भी गिरफ्तार किये गये हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर धंधे में शामिल कारोबारियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है. एसपी के इस अभियान से यह स्पष्ट हो गया है कि इस इलाके से शराब की तस्करी नहीं हो सकती है.
जानकारी के अनुसार एसपी को सूचना मिली थी कि यूपी से हरियाणा नंबर की गाड़ी से शराब की खेप लायी जा रही है. सूचना मिलने के साथ ही एसपी ने सिमरी थानाध्यक्ष सुधीर कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की. गठित टीम ने पैलाडीह गांव के समीप छापेमारी की. ट्रक की जब जांच की गयी, तो पुलिस की आंखें फटी रह गयीं. शराब की तस्करी करने के लिए ट्रक में तहखाना बनाया गया था. ट्रक के तहखाने से 10 हजार 710 बोतल शराब बरामद की गयी. इस दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो यूपी के बलिया जिले के रहनेवाले सिकंदरपुर के विमलेश कुमार राय, सहतवार के अभिषेक पांडेय तथा शेखपुरा के अर्जुन तिवारी बताये जाते हैं.
जब्त ट्रक की हो रही जांच
जब्त ट्रक में मिले तहखाने से यह स्पष्ट हो गया है कि शराब की तस्करी के लिए इसका इस्तेमाल किया जा रहा था. इसी को देखते हुए ट्रक में तहखाने बनाये गये थे. पुलिस यह जानने में जुटी है कि यह ट्रक कहीं चोरी की तो नहीं है. फिलहाल नंबर के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है. इसके साथ ही ट्रक मालिक पर भी नये उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जायेगा. चौसा के बाद शराब की यह दूसरी बड़ी खेप है. इसकी कीमत एक आंकड़े के अनुसार 10 लाख रुपये आंकी जा रही है.
गिरफ्तार तस्करों की निशानदेही पर छापेमारी जारी
गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस को पूछताछ के दौरान धंधे में शामिल कई कारोबारियों के नाम बताये हैं. जिसके आधार पर पुलिस तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है. शराब तस्करी का मास्टरमाइंड अभी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है. ट्रक से 238 कार्टन बरामद हुए हैं. छापेमारी टीम में पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, सिमरी थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सहित सभी थाने के पुलिस कर्मी शामिल थे.
आकलन के बाद संपत्ति होगी जब्त
शराब तस्करों पर नये उत्पाद अधिनियम के तहत उनकी संपत्ति का आकलन किया जायेगा. इसके बाद उनकी संपत्ति जब्त करने की भी कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल संपत्ति जब्त करने को लेकर आकलन किया जा रहा है. इसके बाद संपत्ति जब्त करने को लेकर लिखा जायेगा, जहां से स्वीकृति मिलने के बाद उनकी संपत्ति जब्त की जायेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन