योजना राशि वितरण पर गरमायी जिप की बैठक

Updated at :13 May 2026 8:46 PM
विज्ञापन
योजना राशि वितरण पर गरमायी जिप की बैठक

नालंदा जिला परिषद बोर्ड की बैठक बुधवार को जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गयी.

विज्ञापन

बिहारशरीफ.नालंदा जिला परिषद बोर्ड की बैठक बुधवार को जिला परिषद अध्यक्ष तनुजा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में डीडीसी शुभम कुमार भी मौजूद रहे. करीब 12 एजेंडों को लेकर बुलायी गयी इस बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी, जबकि कुछ महत्वपूर्ण एजेंडों पर सहमति नहीं बन सकी. योजना राशि वितरण को लेकर सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली. बैठक के दौरान सबसे अधिक विवाद योजना राशि में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को अन्य सदस्यों की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक राशि दिये जाने के प्रस्ताव को लेकर हुआ. परवलपुर के जिला परिषद सदस्य उदयनंदन प्रसाद ने इसका जोरदार विरोध जताया. उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को विकास योजनाओं के लिए समान राशि मिलनी चाहिए. विरोध बढ़ता देख अधिकारियों ने मामले को फिलहाल टालते हुए बाद में विचार करने की बात कही. इसके बाद यह प्रस्ताव लंबित छोड़ दिया गया. बैठक में जिला परिषद के अधीन सभी डाक बंगलों में मॉल और मैरिज हॉल निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई. हालांकि फिलहाल इस योजना को स्थगित करते हुए संबंधित परिसरों में चहारदीवारी निर्माण कराने पर सहमति बनी. इसके अलावा वित्त अंकेक्षण समिति, योजना समिति और स्थायी समिति की बैठकों की संपुष्टि भी बोर्ड द्वारा प्रदान की गयी. बैठक के दौरान सदस्यों ने जिला परिषद के एक सहायक अभियंता की कार्यशैली पर भी सवाल उठाये. कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि अभियंता द्वारा योजनाओं का कार्य सही ढंग से नहीं कराया जा रहा है, जिसके कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं. सदस्यों ने संबंधित अभियंता को हटाने की मांग भी उठायी. हालांकि अधिकारियों की व्यस्तता के कारण बोर्ड की बैठक महज 20 मिनट तक ही चल सकी. बैठक में उपाध्यक्ष नरोत्तम, पूर्व अध्यक्ष पिंकी कुमारी, सदस्य विपिन कुमार समेत अन्य जिला परिषद सदस्य मौजूद थे. बैठक में योजना राशि वितरण को लेकर हुए विवाद से जिला परिषद सदस्यों के बीच बढ़ते मतभेद साफ नजर आये. सूत्रों के अनुसार यदि योजना राशि का समान वितरण किया जाये तो प्रत्येक जिला परिषद सदस्य को सालाना करीब 1.20 करोड़ रुपये की विकास राशि प्राप्त होगी. ऐसे में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को अतिरिक्त राशि दिये जाने के प्रस्ताव को लेकर सदस्यों में नाराजगी देखी गयी.

विज्ञापन
SANTOSH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन