नालंदा में बारिश के बीच बढ़ा सर्पदंश का खतरा, अलग-अलग गांवों में सांप के काटने से तीन युवक घायल

नालंदा के हिलसा में लगातार बारिश के बीच सर्पदंश की घटनाएं बढ़ी हैं. तीन अलग-अलग गांवों में सांप के काटने से तीन युवक घायल हुए, अस्पताल में इलाज जारी है.
नालंदा में लगातार हो रही बारिश के बीच हिलसा अनुमंडल क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगी हैं. मंगलवार को अलग-अलग गांवों में सांप के काटने से तीन युवक घायल हो गए.
सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, हिलसा में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार किया गया.
राजाबाग और भीमपुर गांव में हुई घटनाएं
पहली घटना हिलसा थाना क्षेत्र के राजाबाग गांव की है. यहां सीता पंडित के 30 वर्षीय पुत्र कुणाल पंडित घर के पास बने शौचालय से लौट रहे थे. इसी दौरान झाड़ियों से निकले सांप ने उन्हें काट लिया. परिजनों ने उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया.
दूसरी घटना हिलसा प्रखंड के अकबरपुर पंचायत अंतर्गत भीमपुर गांव में हुई. यहां महेंद्र चौहान के 23 वर्षीय पुत्र इंद्रदेव चौहान गांव की गली में बैठे थे. इसी दौरान एक सांप ने उन्हें डंस लिया. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया.
बेलदारी बिगहा गांव में सांप के साथ अस्पताल पहुंचे ग्रामीण
तीसरी घटना बेलदारी बिगहा गांव में हुई, जहां सिया सारण प्रसाद के लगभग 25 वर्षीय पुत्र सनी कुमार घर के पास बैठे थे. इसी दौरान सांप ने उन्हें काट लिया.
घटना के बाद ग्रामीणों ने सांप को मार दिया और पहचान के उद्देश्य से उसे भी अस्पताल लेकर पहुंच गए. अस्पताल परिसर में यह घटना चर्चा का विषय बनी रही.
चिकित्सकों की सलाह: झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें
चिकित्सकों ने बताया कि तीनों घायलों का समय पर इलाज शुरू कर दिया गया है. उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर भरोसा न करें, बल्कि तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराएं.
साथ ही, बरसात के मौसम में झाड़ियों, खेतों और जलजमाव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
Also Read : गया जी : रेलवे की पार्सल सेवा से अब देशभर में भेजें फल-सब्जियां, व्यापारियों को दी गई जानकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










