नालंदा : दिनदहाड़े हत्या मामले का 12 घंटे में खुलासा, खोदागंज पुलिस ने नामजद आरोपी को दबोचा

गिरफ्तार आरोपी | Prabhat Khabar Network
नालंदा के खोदागंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई सन्नी पासवान हत्या मामले में पुलिस ने 12 घंटे के अंदर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
नालंदा के खोदागंज थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हत्या के एक सनसनीखेज मामले का त्वरित उद्भेदन करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी देते हुए बतलाया कि बीते सोमवार को खोदागंज थाना क्षेत्र के सेरथुआ खुर्द गांव निवासी देवनंदन पासवान के 25 वर्षीय पुत्र सन्नी पासवान की अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी.
घटना के संबंध में मृतक के परिजनों के बयान पर स्थानीय थाने में कांड संख्या-179/2026 दर्ज किया गया. प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या एवं अन्य संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया.
विशेष टीम ने सेरथुआ विगहा से दबोचा आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नालंदा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिलसा-02 इसलामपुर, कुमार ऋषि राज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था.
टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मानवीय सूचना संकलन और लगातार छापेमारी करते हुए महज 12 घंटे के अंदर हत्या के प्राथमिकी अभियुक्त मथुरा सिंह को सेरथुआ विगहा पर से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर न्यायिक हिरासत में हिलसा जेल भेज दिया है.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस हत्या में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी कर रही है.
पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है.
मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जाँच की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके.
विशेष छापेमारी टीम में इसलामपुर पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार, खोदागंज थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार गहलौत, पु.अ.नि. सुरेंद्र प्रसाद, पु.अ.नि. अनिल कुमार सिंह, पु.अ.नि. कपिल सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
डीएसपी कुमार ऋषि राज ने बतलाया कि हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी तक अभियान जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Also Read : गया जी : रेलवे की पार्सल सेवा से अब देशभर में भेजें फल-सब्जियां, व्यापारियों को दी गई जानकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










