राजगीर नवोदय विद्यालय में हंगामा: डीएम ने कहा- शिकायत का रास्ता खुला था, कानून हाथ में लेना गलत

Updated:
विज्ञापन
फोटो - राजगीर के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का प्रशासनिक भवन | Prabhat Khabar Network

राजगीर के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का प्रशासनिक भवन | Prabhat Khabar Network

राजगीर के जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों द्वारा तोड़फोड़ के बाद डीएम उदिता सिंह ने छात्रों को भविष्य संवारने और अनुशासन में रहने की सख्त हिदायत दी है।

विज्ञापन

राजगीर के पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों के उग्र विरोध और तोड़फोड़ की घटना को जिलाधिकारी उदिता सिंह ने अत्यंत गंभीरता से लिया है.

मंगलवार को डीएम ने स्पष्ट कहा कि छात्र अपने भविष्य को स्वयं संवारें, उसे प्रशासन के हाथों में सौंपने की नौबत नहीं आने दें. उन्होंने विद्यालय प्रबंध समिति की तत्काल बैठक कर छात्रों की सभी शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

विद्यालय में घटित घटना के बाद डीएम उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक भारत सोनी, नवोदय विद्यालय समिति पटना संभाग के सहायक उपायुक्त आर.के. चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र, अनुमंडल पदाधिकारी सूर्य प्रकाश गुप्ता, डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता जेएनवी छात्रावास पहुंचे.

अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित बिंदुओं के त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया.

हालांकि डीएम ने छात्रों के विरोध के तरीके पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या थी तो उसे उचित माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचना चाहिए था.

यदि विद्यालय स्तर पर शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा था तो छात्र सीधे जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते थे. कानून अपने हाथ में लेना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है.

भोजन, बिजली और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जताया असंतोष

एसडीओ सूर्य प्रकाश गुप्ता ने बताया कि छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता, शैक्षणिक व्यवस्था, खेल सामग्री, शौचालय, पंखा, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर असंतोष व्यक्त किया है. इन सभी शिकायतों की जांच कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब है कि सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि वरिष्ठ कक्षाओं के छात्रों का आक्रोश हिंसक रूप ले बैठा था.

उग्र छात्रों ने विद्यालय परिसर में शिक्षकों की छह मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. इतना ही नहीं, एक स्कूटर में आग लगा दी, जिससे वह पूरी तरह जलकर राख हो गई.

हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि प्राचार्य और शिक्षक अपने-अपने आवासों में खुद को सुरक्षित रखने के लिए बंद हो गए. शिक्षकों के आवासों पर भी पथराव किया गया.

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.

प्रशासन ने दोपहर में छात्रों से वार्ता का प्रयास किया, लेकिन तत्काल बातचीत सफल नहीं हो सकी. विद्यालय प्रशासन ने सभी अभिभावकों को घटना की जानकारी दे दी है.

प्राचार्य विनीत कुमार शुक्ला ने बताया कि विद्यालय के मेस में प्रतिदिन लगभग 560 विद्यार्थियों के लिए निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन और नाश्ता तैयार किया जाता है.

उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से होती है, लेकिन अब तक छात्रों की ओर से किसी प्रकार का औपचारिक सुझाव या शिकायत समिति के समक्ष प्रस्तुत नहीं की गई है. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.

Also Read : गया जी : रेलवे की पार्सल सेवा से अब देशभर में भेजें फल-सब्जियां, व्यापारियों को दी गई जानकारी


विज्ञापन
Ramvilas Prasad

लेखक के बारे में

By Ramvilas Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन