बेलगाम ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, दो की मौत व एक जख्मी

Published by :SANTOSH KUMAR SINGH
Published at :02 May 2026 10:06 PM (IST)
विज्ञापन
बेलगाम ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, दो की मौत व एक जख्मी

शनिवार की अहले सुबह सरमेरा-मोकामा एनएच 33 पर सदहा गांव के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को सीधे टक्कर मार दिया.

विज्ञापन

सरमेरा. शनिवार की अहले सुबह सरमेरा-मोकामा एनएच 33 पर सदहा गांव के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को सीधे टक्कर मार दिया. जिसके कारण बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम के सहयोग से सभी जख्मियों को सरमेरा स्थित सीएचसी लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने तीनों जख्मियों को रेफर कर दिया. रेफर होने के बाद तीनों जख्मियों को पावापुरी स्थित विम्स ले जाया गया. विम्स पहुंचते ही चिकित्सक ने एक-एक कर दो युवकों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में एक युवक लखीसराय जिले के लखीसराय थानान्तर्गत बालगुदर गांव निवासी उचित यादव का 18 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार तथा इसी जिले के पिपरिया थानान्तर्गत रामचंद्रपुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह का 19 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार शामिल है. जबकि तीसरा जख्मी भी लखीसराय जिले के बालगुदर गांव के ही सुधीर यादव का 17 वर्षीय पुत्र रवीश कुमार है. जख्मी रवीश को विम्स से भी चिकित्सक ने पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया. इधर सूत्रों के मुताबिक तीनों युवक अपने गांव बालगुदर से अपने दोस्त की शादी में बारात आया था. बारात नालंदा जिले के अंतिम सीमा से सटे पटना जिले के ईसानगर गांव आई थी. बारातियों के दरवाजा लगने से लेकर समधी मिलन और जयमाला रस्म की अदायगी तक तीनों युवक बारात में शामिल रहे. इसी दौरान इन्हें स्थानीय परनावां गांव में आयोजित बाबा महतो साहब के मेले की जानकारी मिली. जानकारी मिलते ही शुक्रवार की देर रात बारात से निकलकर एक ही बाइक पर सवार होकर तीनों युवक परनावां गांव स्थित मेला देखने निकल गये. मेला देखने के बाद शनिवार की अहले सुबह तीनों युवक परनवा गांव से सरमेरा होते हुए वापस मोकामा की ओर लौट रहे थे. तभी सदहा गांव के पास पहुंचते ही मोकामा से सरमेरा की ओर आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया और बाइक सवार युवकों को रौदते हुए भागने लगा. इस बीच सड़क पर इधर-उधर घूम रहे अन्य लोगों के सहयोग से ट्रक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. थानाध्यक्ष साकेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. लिखित आवेदन मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी. घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को बरामद कर लिया गया है. घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया.

विज्ञापन
SANTOSH KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANTOSH KUMAR SINGH

SANTOSH KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन