घोसरावां में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

राजगीर विधानसभा क्षेत्र के घोसरावां में बुधवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में हज़ारों कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया.
बिहारशरीफ. राजगीर विधानसभा क्षेत्र के घोसरावां में बुधवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में हज़ारों कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया. इस सम्मेलन ने नालंदा सहित पूरे मगध क्षेत्र की राजनीति में नई ऊर्जा भर दी. सम्मेलन के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव ई. सुनील कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक, नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार, जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार, स्थानीय विधायक कौशल किशोर, जदयू एमएलसी रीना यादव, लोजपा जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र मुकुट, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, राष्ट्रीय लोक मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनू कुशवाहा और हम जिलाध्यक्ष संजू देवी सहित कई बड़े नेताओं ने मंच साझा किया. मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, वह केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के दरवाज़े-दरवाज़े जाएं और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुँचाएं. जदयू के राष्ट्रीय महासचिव ई. सुनील कुमार ने कहा कि आज दो युवराज बिहार में झूठा भ्रमजाल फैलाने के लिए घूम रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता समझदार है और बहकावे में नहीं आएगी. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बिहार का कायाकल्प कर दिया है. 2005 से पहले का बदहाल बिहार आज विकास की रफ्तार से चमक रहा है. नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि 2005 से पहले का बिहार गड्ढों, अपराध, अपहरण और जंगलराज का पर्याय था. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नेतृत्व क्षमता ने बिहार को घोटालों और बदहाली से निकालकर विकास की ओर अग्रसर किया है. उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भरपूर आशीर्वाद देगी और एनडीए प्रचंड बहुमत से सत्ता में लौटेगा. सम्मेलन में उपस्थित हज़ारों कार्यकर्ताओं ने नेताओं के वक्तव्यों पर तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साह व्यक्त किया और एनडीए की जीत का संकल्प दोहराया. सम्मेलन का माहौल राजनीतिक उत्साह और जोश से सराबोर रहा, जिसे देखकर स्पष्ट संकेत मिला कि राजगीर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरने जा रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




