बिहारशरीफ : दुकान बंद कर घर लौट रहे सर्राफा कारोबारी को बदमाशों ने घेरा, पिस्टल दिखाकर लूटे नकद और गहने

ज्वेलरी शॉप की सांकेतिक तस्वीर
बिहारशरीफ के रहुई में हथियारबंद बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी से नकदी और गहने लूटे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नालंदा के रहुई थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी से लूट की घटना को अंजाम दिया. वारदात डीहरा मोड़ से करीब 100 मीटर पश्चिम रहीमपुर जाने वाले मार्ग पर हुई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यवसायी
पीड़ित रहीमपुर गांव निवासी मिथिलेश कुमार सिन्हा रहुई बाजार की स्वतंत्र गली में लंबे समय से सोना-चांदी का कारोबार करते हैं. बताया गया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे.
दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने रोका
जानकारी के अनुसार, रास्ते में सुनसान जगह पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने व्यवसायी को रोक लिया. बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उनके पास मौजूद बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए.
70 हजार नकद, सोने की चेन और मोबाइल लूटा
पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, बदमाश बैग में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद, गले में पहनी सोने की चेन और मोबाइल फोन लेकर भाग गए. वारदात के बाद उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने की घेराबंदी, लेकिन नहीं मिले बदमाश
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 और रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन अपराधी भागने में सफल रहे.
सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस
पीड़ित के आवेदन पर रहुई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है.
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है. बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










