ePaper

बिहार: तेज आंधी में खाट समेत छत से गिरकर अधेड़ की मौत, मौसम बदला तो कई लोगों की ठनके ने ली जान

Updated at : 23 Apr 2023 12:18 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार: तेज आंधी में खाट समेत छत से गिरकर अधेड़ की मौत, मौसम बदला तो कई लोगों की ठनके ने ली जान

बिहार का मौसम बदला और तेज आंधी ने कई जगह दस्तक दी तो हादसे भी तेज हुए. कहीं आंधी में छत से गिरकर अधेड़ की मौत हुई तो कहीं ठनके की चपेट में आकर लोगों की मौत हुई. शनिवार को जमुइ और हाजीपुर के हादसों में दो लोगों की मौत हो गयी.

विज्ञापन

बिहार का मौसम (Bihar Weather) फिर एकबार बदला है. प्रचंड गर्मी के बीच फिलहाल लोगों को राहत मिली है. तापमान (Bihar Temperature) में गिरावट दर्ज होने के बाद अब लोगों ने राहत की सांस जरुर ली है लेकिन आंधी-पानी की दस्तक ने लोगों की समस्या को भी बढ़ा दिया है. ठनके की चपेट में आकर लगातार मौत हो रही हैं. वहीं अब एक मामला हैरान करने वाला सामने आया है जहां छत पर खाट लगाकर सो रहे एक व्यक्ति की मौत तेज आंधी आने पर नीचे गिरकर हो गयी. आंधी में वो खाट समेत दो मंजिले बिल्डिंग की छत से गिर गए और मौत हो गयी. घटना चरकापत्थर थाना क्षेत्र अंतर्गत केशोफरका गांव की है.

अचानक तेज आंधी आयी और दो मंजिला छत से गिरा अधेड़

चरकापत्थर थाना क्षेत्र अंतर्गत केशोफरका पंचायत के केशोफरका गांव की ये घटना है. जहां शुक्रवार की रात अचानक तेज आंधी आयी और इसकी चपेट में आने से एक अधेड़ खाट सहित छत से नीचे जा गिरे. दो मंजिला छत से नीचे गिरे अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान चरकापत्थर थाना क्षेत्र के केशोफरका निवासी बासुकी मंडल (55) के रूप में की गयी.

Also Read: बिहार का मौसम: रविवार को पटना समेत 31 जिलों में बारिश के आसार, अगले 4 दिनों की वेदर रिपोर्ट जानें..
खाट समेत उड़ कर नीचे गिर गये

घटना को लेकर बताया गया कि गर्मी के कारण बासुकी मंडल अपने दो मंजिला मकान की छत पर सोए थे. वो छत पर खाट बिछाकर सोये थे. छत घेरा हुआ नहीं था. बीते शुक्रवार की रात अचानक आयी तेज आंधी में बासुकी हड़बड़ाकर उठे और खाट को लेकर नीचे उतरने लगे. इसी दौरान तेज हवा में वे खाट समेत उड़ कर नीचे गिर गये और गंभीर रूप से घायल हो गये. आनन-फानन में घायल बासुकी का स्थानीय स्तर पर इलाज करवाया गया. लेकिन तब तक उनकी मौत हो गयी. बता दें कि बासुकी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे. घटना के बाद से उनके परिवार सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

ठनके ने ली जान, आसमान से मौत बनकर गिरी बिजली

उधर हाजीपुर के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर मलाही गांव में एक पिता-पुत्र खेत पर गये थे और अचानक तेज आंधी-बारिश शुरू हो गयी. इसी दौरान ठनके की चपेट में आकर दोनों जख्मी हो गये. आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां बेटे को मृत घोषित कर दिया गया जबकि पिता का इलाज चल रहा है. बता दें कि पिछले दिनों गया में भी वज्रपात से एक बच्ची की मौत खेत में हुई है.

Published By: Thakur Shaktilochan

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन