बिहार में 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, 18 अप्रैल से लू का अलर्ट जारी

Updated:
विज्ञापन
Bihar Weather Alert 15 April 2026

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Weather Alert: बिहार में अप्रैल के बीच ही मौसम ने डराना शुरू कर दिया है. तेज धूप, शुष्क हवाएं और बढ़ता तापमान लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में गर्मी और विकराल रूप ले सकती है, जिससे आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ेगा.

विज्ञापन

Bihar Weather Alert: बिहार में अप्रैल के महीने ने ही जून जैसी तपन का एहसास कराना शुरू कर दिया है. सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, पारा अब 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को छूने को बेताब है.

पिछले कुछ दिनों से चल रही शुष्क पछुआ हवाओं ने राज्य के अधिकांश हिस्सों को भट्टी की तरह तपा दिया है. पटना समेत दक्षिण बिहार के जिलों में दोपहर होते ही सड़कें सूनी होने लगी हैं और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं.

भभुआ सबसे गर्म, 40 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान

राज्य में गर्मी का सबसे ज्यादा असर भभुआ में देखने को मिला, जहां तापमान 39.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है.

जीरादेई में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री दर्ज किया गया, दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर बना हुआ है. पछुआ हवाओं के कारण गर्मी का असर और तीखा महसूस हो रहा है.

अगले 4 दिन और मुश्किल, पारा चढ़ेगा 3 डिग्री तक

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले 3-4 दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है. 16 अप्रैल तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है. लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय हालात लू जैसे हो रहे हैं.

मौसम विभाग के अनुसार 17 अप्रैल को सीमांचल के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं. यह राहत बहुत सीमित होगी और पूरे राज्य में इसका असर देखने को नहीं मिलेगा.

18 अप्रैल से इन जिलों में ज्यादा खतरा

18 अप्रैल से दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में लू का असर तेज हो जाएगा. पटना, गया, बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद समेत कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ेगा.

Also Read: बिहार में नई सरकार का फॉर्मूला तैयार, सम्राट चौधरी के साथ दो उपमुख्यमंत्री लेंगे शपथ

विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन