सम्राट चौधरी का शपथ ग्रहण आज, घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक का हाल

सांकेतिक तस्वीर
Bihar New CM Oath: पटना में आज ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदलने वाली है. नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं. बिहार लोक भवन के आसपास के कई प्रमुख मार्गों को सुबह 7 बजे से बंद कर दिया जाएगा, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है.
Bihar New CM Oath: बिहार की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं और इस भव्य समारोह का गवाह बनेगा पटना का बिहार लोक भवन. बुधवार की सुबह से ही राजधानी में हलचल तेज है.
प्रशासन ने सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोक भवन की ओर जाने वाले तमाम रास्तों पर आम वाहनों के लिए नो-एंट्री लगा दी है. सुबह सात बजे से ही यह पाबंदी लागू हो गई है, जो कार्यक्रम की समाप्ति तक जारी रहेगी.
किन रास्तों पर पूरी तरह ब्रेक
शपथ ग्रहण समारोह बिहार लोक भवन में आयोजित किया जा रहा है. इसके चलते टेलर रोड, देशरत्न मार्ग और सर्कुलर मार्ग पर वाहनों के आने-जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी. चिड़ियाघर गेट नंबर-2 से राजेंद्र चौक की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है.
आईपीएस मेस मोड़ से दक्षिण दिशा में और बीपी मंडल गोलंबर से पश्चिम दिशा में भी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. इन मार्गों पर सिर्फ वीआईपी, आमंत्रित अतिथि और मीडिया के वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी.
700 से ज्यादा पुलिसकर्मी, हर मोड़ पर सख्ती
शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. 700 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवान पूरे इलाके में तैनात रहेंगे. हर प्रमुख चौराहे और सड़क पर बैरिकेडिंग की गई है और बिना जांच के किसी भी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
एक अणे मार्ग, सर्कुलर रोड और विधानसभा के आसपास भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो.
घर से निकलने से पहले जान लें ये बात
ट्रैफिक पुलिस ने साफ अपील की है कि आम लोग इन प्रतिबंधित रास्तों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. खासतौर पर ऑफिस जाने वाले और स्कूल-कॉलेज के छात्रों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है, ताकि जाम से बचा जा सके.दोपहर तक कई इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए पटनावासियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी होगी.
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी में हाई अलर्ट जारी है. पुलिस और ट्रैफिक टीम हर गतिविधि पर नजर रख रही है. भाजपा कार्यालय और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है.
यह पूरा इंतजाम यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो.
Also Read: बिहार में नई सरकार का फॉर्मूला तैयार, सम्राट चौधरी के साथ दो उपमुख्यमंत्री लेंगे शपथ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




