Bihar Ka Mausam: बिहार में फिर लौटेगी कंपकंपी वाली सर्दी, IMD ने जारी किया 25 जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट

Bihar Ka Mausam
Bihar Ka Mausam: बिहार के लोग जो कड़कड़ाती ठंड के जाने का जश्न मना रहे थे, उनके लिए मौसम विभाग ने एक बड़ी चेतावनी जारी की है. खिली हुई धूप के बीच अब बादलों की फौज बिहार के आसमान को घेरने वाली है. 28 जनवरी से राज्य के 25 जिलों में झमाझम बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है.
Bihar Ka Mausam: जनवरी के आखिरी दिनों में बिहार का मौसम फिर से सर्द और चुनौतीपूर्ण होने जा रहा है. IMD ने 28 और 29 जनवरी को राज्य के लगभग 25 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, घना कोहरा और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है.
भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जैसे जिलों में झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं उत्तर बिहार के कई हिस्सों में बिजली गिरजे और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
फिर छाएगा घना कोहरा, विजिबिलिटी होगी कम
IMD के अनुसार सुबह और देर रात घने कोहरे का असर सबसे ज्यादा रहेगा.खासतौर पर उत्तर बिहार के जिलों में विजिबिलिटी घटकर 100 से 300 मीटर तक पहुंच सकती है. गया में हाल ही में 300 मीटर तक विजिबिलिटी दर्ज की गई थी, जो आने वाले दिनों में और कम हो सकती है.
28 जनवरी को बारिश और बिजली गिरने का खतरा
IMD ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी और शिवहर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. यहां गरज-तड़क के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका है. दक्षिण-पश्चिमी बिहार के भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भी बारिश की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है.
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ कमजोर है, लेकिन 28 जनवरी से इसके सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा. इसके प्रभाव से राज्य के उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है.
तापमान में उतार-चढ़ाव बढ़ाएगा ठंड का असर
अगले 24 से 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे रात में ठंड ज्यादा महसूस होगी. हालांकि इसके बाद अगले कुछ दिनों में तापमान में 1 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है, जिससे मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो सकता है. दिन का तापमान 24 से 26 डिग्री और रात का तापमान 12 से 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोहरे और बिजली गिरने के दौरान सतर्क रहें, जनवरी के अंत में बारिश और ठंड का यह मेल एक बार फिर सर्दी का अहसास तेज कर देगा.
Also Read: बिहार के 25 जिलों में बदला रहेगा मौसम का हाल, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




