शराब से खफा महिलाओं ने उठाया झाड़ू
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :04 Dec 2016 4:12 AM (IST)
विज्ञापन

आक्रोश. शराबियों से परेशान महिलाओं ने आगजनी कर घंटों जाम की सड़क बिहार में शराबबंदी के बाद भी शराब के खिलाफ महिलाओं को आंदोलन छेड़ना पड़ा. शराबियों के खिलाफ महिलाओं के सड़क पर उतरने से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा हो गया है. जिले में यह पहली घटना है, जब शराब के खिलाफ […]
विज्ञापन
आक्रोश. शराबियों से परेशान महिलाओं ने आगजनी कर घंटों जाम की सड़क
बिहार में शराबबंदी के बाद भी शराब के खिलाफ महिलाओं को आंदोलन छेड़ना पड़ा. शराबियों के खिलाफ महिलाओं के सड़क पर उतरने से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा हो गया है. जिले में यह पहली घटना है, जब शराब के खिलाफ महिलाएं गोलबंद होकर सड़क पर उतरीं. चार घंटे तक लोग महिलाओं के इस रौद्र रूप को देखते रहे.
आरा : मुफस्सिल थाने की गोठहुला पंचायत की महिलाएं अपने शराबी परिजनों से तंग आकर सड़क पर उतर गयीं. शनिवार की अहले सुबह हाथों में झाड़ू और छनौटा लेकर आरा-अखगांव मुख्य पथ पर आगजनी करते हुए आवागमन को पूरी तरह बाधित कर दिया. वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सड़क जाम कर रहीं रेणु देवी, पुष्पा देवी, संगीता देवी, मनोरमा, बिंदी देवी समेत दर्जनों महिलाओं ने मुफस्सिल थाने की पुलिस पर आरोप लगाया कि प्रशासन की मिलीभगत से गोठउला, सलेमपुर, हसनपुरा समेत आधा दर्जन गांवों में खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है. शराबबंदी के बावजूद घर-घर शराब पहुंचाया जा रहा है.
इससे एक बार फिर परिवार बरबाद हो रहा है. जब बरदाश्त नहीं हुआ, तो हमलोगों ने विरोध का रास्ता अख्तियार किया और झाड़ू लेकर बीच सड़क पर आगजनी शुरू कर दी. उन्होंने कहा कि यदि शराब बिक्री अभी के अभी बंद नहीं हुई, तो किसी भी सूरत में बरदाश्त नहीं करेंगे और सड़क जाम नहीं हटाएंगे. जानकारी मिलने के करीब एक घंटा बाद पुलिस पहुंची और महिलाओं को समझा-बुझा कर यह आश्वासन दिया कि तत्काल ऐसे स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है, तब जाकर महिलाएं शांत हुईं और यातायात बहाल हो सका.
पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप : महिलाओं ने पुलिस पर ही शराब बेचवाने का आरोप लगाया है. महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि पुलिस की मिलीभगत से शराब बेची जा रही है. कई जगहों पर कारोबारी खुलेआम शराब बेच रहे हैं. शिकायत करने के बावजूद भी किसी पर आज तक कार्रवाई नहीं की गयी.
महिलाओं के आंदोलन के बाद तीन गांवों में छापेमारी : पूर्ण शराबबंदी लागू रहे, इसके लिए गोठहुला गांव में महिलाओं के विरोध प्रदर्शन के बाद सोयी पुलिस आखिरकार देर शाम जाग गयी और तीन गांवों में छापेमारी की. एसपी के निर्देश पर गोठहुला, सलेमपुर और घोडपोखर गांव में छापेमारी की गयी. देर शाम की गयी छापेमारी से तीनों गांवों में अफरातफरी का माहौल कायम रहा. हालांकि पुलिस को इस दौरान कुछ खास सफलता हासिल नहीं हो सकी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










