दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, दर्जनों जख्मी
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :25 Jan 2018 4:32 AM (IST)
विज्ञापन

हंगामा . आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क, 150 की संख्या में आये लोगों ने मचाया उपद्रव 17 लोगों को नामजद और 500 अज्ञात पर दर्ज की गयी प्राथमिकी आरा/बड़हरा : सरस्वती पूजा विसर्जन को लेकर उपजे तनाव में बुधवार को बड़हरा का केशोपुर गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. इस दौरान 150 की संख्या […]
विज्ञापन
हंगामा . आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क, 150 की संख्या में आये लोगों ने मचाया उपद्रव
17 लोगों को नामजद और 500 अज्ञात पर दर्ज की गयी प्राथमिकी
आरा/बड़हरा : सरस्वती पूजा विसर्जन को लेकर उपजे तनाव में बुधवार को बड़हरा का केशोपुर गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. इस दौरान 150 की संख्या में आये लोगों ने अचानक केशोपुर गांव के लोगों पर हमला बोल दिया. बाद में मामले ने जातीय हिंसा का रूप ले लिया और दोनों गुटों की ओर से जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गयी, जिसमें दर्जनों लोग जख्मी हो गये. घटना के बाद अफरातफरी मच गयी. जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी लेकिन दोनों गुटों के बीच पत्थरबाजी को देखकर वह मौके पर नहीं पहुंच पायी. इस मामले में 17 लोगों को नामजद और 500 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
घटना में घायल एक पक्ष के केशोपुर निवासी छोटू सिंह, गुड्डू सिंह, नीरज कुमार सिंह, शैलेश सिंह, रमेश सिंह, मंजी सिंह, राहुल सिंह, छोटू सिंह वहीं इसी थाना क्षेत्र के लाला के टोला गांव जयकिशोर राय जख्मी हो गये. घटना की जानकारी मिलते ही डीएम, एसपी व एसडीओ मौके पर पहुंच गये और दोनों पक्षों के लोगों को समझा-बुझा कर मामला शांत कराया गया. दोनों पदाधिकारियों ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ. हालांकि तनाव अब भी व्याप्त है. दोनों पदाधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की है. साथ ही दोषियों पर कार्रवाई करने की बात भी कही, जिसके बाद मामला शांत हुआ. इस संबंध में जिला पदाधिकारी संजीव कुमार व एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि मामला नियंत्रण में है. दोनों पक्षों पर कार्रवाई की जायेगी.
कई गांवों के लोग घटना में हैं शामिल : इस घटना में जख्मी हुए लोगों ने बताया कि मंगलवार को थाना क्षेत्र के लाला के टोला छीतनी के बाग, नेकनाम टोला, केशोपुर व भकुरा के लोगों ने जातीय सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए उन्माद फैलाया, जिसके बाद केशोपुर पुल के समीप सभी लोग एकत्रित होकर बवाल मचाने लगे और पत्थरबाजी करने लगे. इसमें कई राहगीर भी उनके शिकार हो गये.
जिलाधिकारी व एसपी की पहल पर हुआ मामला शांत : घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संजीव कुमार व एसपी अवकाश कुमार, एसडीओ अरुण प्रकाश, एसडीपीओ संजय कुमार मौके पर पहुंच गये. दोनों पक्षों से पूरी घटना की जानकारी ली. बाद में दोनों पक्षों के साथ बैठकर शांति व्यवस्था बनाने की अपील की गयी. साथ ही दोनों पदाधिकारियों से लोगों को आश्वासन दिया की दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जायेगी, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध थाने में आवेदन दिये हैं.
प्रतिमा विसर्जन को लेकर दो गुटों में हुई थी मारपीट
दोनों पक्षों की ओर से जमकर हुआ पथराव
कई दुकानें क्षतिग्रस्त, कई वाहनों के शीशे फूटे
डीएम व एसपी पहुंचे तब शांत हुआ मामला
जातीय संघर्ष को लेकर अभी तनाव व्याप्त
मूर्ति विसर्जन को लेकर उपजा था विवाद
मंगलवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान केशोपुर घाट पर गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद उत्पन्न हुआ था. एक पक्ष के लोग लालू के गीत बजा रहे थे, वहीं दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा था. इस बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद जमकर मारपीट हो गयी. स्थानीय थाने के हस्तक्षेप के बाद मामला तो शांत हो गया लेकिन एक पक्ष के लोगों के बीच इस घटना को लेकर अंदर ही अंदर तनाव उत्पन्न हुआ. एक पक्ष के लोगों का मानना है कि पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की गयी, जिसके बाद आक्रोशित उत्पन्न हुआ.
छेना ततवा हत्याकांड की याद हो गयी ताजा
बड़हरा में बीते वर्ष पांच मार्च को छेना ततवा की पुलिस हिरासत में गिरकर मौत हुई थी, जिसके बाद घटना से गुस्साये लोगों ने बड़हरा थाने को आग के हवाले कर दिया था. इस दौरान लोगों ने जमकर बवाल मचाया था. बुधवार को छेना ततवा हत्याकांड की याद ताजा हो गयी. साढ़े तीन घंटे तक अफरातफरी मची रही. कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे.
घटना को लेकर केशोपुर में दहशत, तनाव व्याप्त
इस घटना से केशोपुर गांव में तनाव उत्पन्न हो गया है. लोगों में दहशत कायम है. हालांकि पुलिस केशोपुर गांव में एहतियात के तौर पर कैंप कर रही है लेकिन अभी भी लोगों के जेहन में दहशत है. लोग किसी बड़ी घटना से डरे व सहमे हुए है. दोनों पक्षों के बीच शांति व्यवस्था बनाने के लिए कई जनप्रतिनिधि भी पहल कर रहे हैं.
कई सफेदपोशों का नाम आ रहा है सामने
इस घटना की साजिश में कई सफेदपोश का नाम सामने आ रहा है. हालांकि दबी जुबान से लोगों ने कई लोगों का नाम पुलिस प्रशासन को बता दिया है. पुलिस मामले की कार्रवाई में जुट गयी है. दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं. हालांकि पुलिसिया अनुसंधान में ही पूरा मामला खुलकर सामने आयेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




