रिंग रोड व स्टेडियम का होगा निर्माण, चमकेंगी सभी सड़कें

Published at :13 Dec 2017 4:59 AM (IST)
विज्ञापन
रिंग रोड व स्टेडियम का होगा निर्माण, चमकेंगी सभी सड़कें

पहल. आरा आयोजना क्षेत्र प्राधिकार का किया गया गठन आरा : आरा विकास के पायदान पर तेजी से आगे बढ़ेगा. सरकार ने इसके लिए कमर कस ली है. आरा को विकास के मानचित्र पर लाने के लिए आरा आयोजना क्षेत्र प्राधिकार का गठन कर लिया गया है. क्षेत्र प्राधिकार के अंतर्गत अब कोइलवर तथा उदवंतनगर […]

विज्ञापन

पहल. आरा आयोजना क्षेत्र प्राधिकार का किया गया गठन

आरा : आरा विकास के पायदान पर तेजी से आगे बढ़ेगा. सरकार ने इसके लिए कमर कस ली है. आरा को विकास के मानचित्र पर लाने के लिए आरा आयोजना क्षेत्र प्राधिकार का गठन कर लिया गया है. क्षेत्र प्राधिकार के अंतर्गत अब कोइलवर तथा उदवंतनगर प्रखंड के भी कई गांव शामिल कर लिये गये हैं. इसका मास्टर प्लान तैयार करने के लिए कृषि भवन में पटना प्रमंडल के कमिश्नर आनंद किशोर की अध्यक्षता में नगर के राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रबुद्ध लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित अधिकारियों की बैठक में गहनता से विचार किया गया. मौके पर लोगों से सुझाव भी मांगे गये. लोगों द्वारा दिये गये सुझाव को कार्यवाही में शामिल किया गया.
आरा को विकसित, सुंदर व कई सुविधाओं से सुसज्जित किया जायेगा. मौके पर डीएम संजीव कुमार, एसपी अवकाश कुमार, उपविकास आयुक्त शशांक शुभंकर, जिप अध्यक्ष आरती देवी, उपाध्यक्ष फुलवंती देवी, मेयर प्रियम, डिप्टी मेयर मालती देवी, नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, एसडीओ अरुण प्रकाश, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार बरियो, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता सहित कई विभागों के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ, सीओ, भाजपा जिलाध्यक्ष मिथिलेश कुशवाहा, जदयू जिलाध्यक्ष अशोक शर्मा तथा स्कूलों के संचालक, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता व बुद्धिजीवी उपस्थित थे.
धनुपरा में बनेगा स्टेडियम व आईटीआई: बैठक में निर्णय लिया गया कि धनुपरा में डीएवी स्कूल के पीछे 10 एकड़ में स्टेडियम का निर्माण किया जायेगा. वहीं, पुरुष व महिला आईटीआई का भी निर्माण उसी जगह पर किया जायेगा. इससे नगर वासियों को आधुनिक स्टेडियम मिलेगा. वहीं, पुरुष व महिला आईटीआई से नौजवानों को लाभ होगा.
बांध पर बनेगी सड़क : ट्रैफिक व्यवस्था को ठीक करने के लिए तथा नगर में जाम की समस्या के समाधान के लिए आरा के उत्तर बने बांध पर कोइलवर से चंदवा तक सड़क का निर्माण किया जायेगा, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके.
71 करोड़ की राशि से बनेगा ड्रेनेज व सीवरेज सिस्टम: नगर में आये दिन जलजमाव की समस्या से नगरवासी परेशान रहते हैं. आये दिन यह समस्या अखबारों की सुर्खियां बनती हैं. वहीं, लोगों द्वारा धरना व प्रदर्शन का सिलसिला भी जारी रहता है. इससे दिलाने के लिए निर्णय लिया गया है कि 71 करोड़ की राशि से ड्रेनेज व सिवरेज सिस्टम का निर्माण किया जायेगा, ताकि जलजमाव की समस्या से निजात मिल सके.
धरहरा पुल की बढ़ेगी चौड़ाई: पटना जाने के लिए एकमात्र धरहरा पुल की चौड़ाई बढ़ायी जायेगी, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो सके. इस व्यस्ततम सड़क पर छोटे पुल के कारण काफी कठिनाई होती है.
वीर कुंवर सिंह किले का होगा विकास: प्रमंडलीय आयुक्त ने जगदीशपुर स्थित वीर कुंवर सिंह किले के विकास के लिए योजनाएं बनाने का निर्देश अधिकारियों को दिया तथा कहा कि इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा. यह जिले का सबसे महत्वपूर्ण धरोहर है.
भवन मालिकों पर होगी कार्रवाई
बैठक के दौरान विकास के लिए कई निर्माण के तहत भूमि चिह्नित करने के दौरान नगर के महावीर टोला की खास महाल की जमीन की बात सामने आयी. डीएम संजीव कुमार ने कहा कि 1200 लोगों पर नोटिस भेजा जा रहा है. लोगों को लीज का नवीकरण कराना होगा या फिर जमीन खाली करनी होगी. 1927 में महज 30 साल के लिए लीज कराया गया था. 1957 के बाद लीज का नवीकरण नहीं कराया गया.
इस कारण सरकार को किसी तरह का टैक्स भी प्राप्त नहीं हो रहा है.
पॉलीथिन के विरुद्ध चलेगा अभियान
नालों के जाम होने के प्रमुख कारण पॉलीथिन को चिह्नित किया गया है तथा निर्णय लिया गया कि अवैध तरीके से सरकार द्वारा निर्धारित से कम माईक्रोन वाले पॉलीथिन की दुकानों को सील किया जायेगा तथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. वहीं, सब्जी सहित अन्य दुकानों पर भी पॉलीथिन को लेकर कार्रवाई की जायेगी. इसके लिए दंडाधिकारी के नेतृत्व में टीम का गठन किया जायेगा तथा ऐसे लोगों के विरुद्ध धावा बोला जायेगा.
चार आउट फॉल नालों का होगा निर्माण
नगर के नालों का पानी ठीक ढंग से बाहर निकल सके इसके लिए नगर में 12 आउट फॉल नालों का निर्माण किया जायेगा. प्रथम चरण में चार आउट फॉल नालों का तथा द्वितीय चरण में आठ आउट फॉल नालों का निर्माण किया जायेगा. आउट फॉल नालों के निर्माण हो जाने के बाद नगर की स्वच्छता को चार चांद लग जायेगा. चार आउट फॉल नालों का डीपीआर तैयार कर लिया गया है, जबकि आठ आउट फॉल नालों का डीपीआर तैयार किया जा रहा है.
वाहन चलाने वाले अवयस्कों पर होगी कार्रवाई
प्रमंडलीय आयुक्त ने बैठक में एसपी अवकाश कुमार को निर्देश दिया कि अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जाये तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की जाये. अवयस्क वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाये.
महिलाओं के लिए बनेगा यूरिनल
नगर के चौक-चौराहों पर महिलाओं के लिए यूरिनल का निर्माण किया जायेगा, ताकि उन्हें घर से बाहर निकलने पर किसी तरह की असुविधा न हो. यूरिनल नहीं होने से महिलाओं को काफी परेशानी होती है.
छात्रों के लिए बनेगा साइंस सेंटर
लोगों को विकास की किरण के तहत कई उपाय किये जा रहे हैं. इसके लिए छात्रों को भी सुविधाएं दी जायेंगी. छात्रों के विकास के लिए नगर में साइंस सेंटर का निर्माण किया जायेगा, ताकि जिले के छात्र इसका लाभ उठा सकें.
टाउन व नवादा थाने के पीछे होगा पार्क का निर्माण
लोगों को पार्क की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी मंथन किया गया. इस दौरान टाउन व नवादा थाने के पीछे खाली जमीन को पार्क के लिए चिह्नित किया गया. इन जगहों पर सुंदर पार्क का निर्माण किया जायेगा.
उद्यमियों के लिए शुरू होगा प्रशिक्षण केंद्र
गिरजा मोड़ पर उद्योग विभाग की जमीन में जिला उद्योग केंद्र व एसआईएसआई पटना द्वारा उद्यमियों के विकास के लिए प्रशिक्षण चलाया जायेगा. इसके लिए उस जगह पर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जायेगा.
संस्कृति भवन होगा साउंड प्रूफ
संस्कृति भवन में आवाज सुनने में लोगों को काफी कठिनाई होती है, जबकि इसमें लगातार कई तरह के कार्यक्रम होते रहते हैं. इसको लेकर निर्णय लिया गया है कि इसे साउंड प्रूफ बनाया जायेगा, ताकि इको साउंड नहीं सुनायी दे.
वहीं, इसके ऊपर एक फ्लोर का निर्माण कर दो मंजिला बनाया जायेगा.
जिला पर्षद की जमीन पर बनेगी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग
कतीरा स्थित जिला पर्षद की जमीन पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाने का निर्णय लिया गया, ताकि सरकार को राजस्व की प्राप्ति हो सके. ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें बनायी जायेंगी. वहीं, ऊपरी तल पर मैरेज हॉल, मीटिंग हॉल तथा कार्यालय बनाया जायेगा. इससे सरकार को राजस्व की प्राप्ति होगी.
जेनेरेटर संचालकों पर होगी प्राथमिकी
आयुक्त आनंद किशोर ने कहा कि नगर में केवल साइलेंट जेनेरेटर चलाने की ही अनुमति है. धुआं देनेवाले व ध्वनि प्रदूषण करने वाले जेनेरेटर संचालकों पर प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर कार्रवाई की जायेगी. वैसे जेनेरेटरों को जब्त किया जायेगा तथा संचालकों पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
अवैध कोचिंग संस्थानों पर होगी कार्रवाई
सरकार ने कोचिंग संचालकों को निबंधन कराने का निर्देश दिया है, पर अब तक काफी कम कोचिंग संचालकों ने निबंधन कराया है. शिक्षा विभाग ने 138 कोचिंग संचालकों पर नोटिस जारी किया है, पर महज 40 कोचिंग संचालकों ने उसका जवाब दिया है. आयुक्त ने नोटिस का तामिला कराकर उन पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन