पीरो के तारा मंदिर से लाखों के आभूषण की चोरी, हंगामा

Published at :12 Dec 2017 3:47 AM (IST)
विज्ञापन
पीरो के तारा मंदिर से लाखों के आभूषण की चोरी, हंगामा

नाराजगी . घटना को ले लोगों में आक्रोश, सड़क जाम प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त दो नामजद समेत तीन हिरासत में पीरो : नगर के पुराने स्टेशन रोड में अवस्थित मां तारा मंदिर के ग्रिल और ताला को तोड़ रविवार की रात मंदिर में स्थापित मां तारा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने तथा मंदिर में भक्तों […]

विज्ञापन

नाराजगी . घटना को ले लोगों में आक्रोश, सड़क जाम

प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त
दो नामजद समेत तीन हिरासत में
पीरो : नगर के पुराने स्टेशन रोड में अवस्थित मां तारा मंदिर के ग्रिल और ताला को तोड़ रविवार की रात मंदिर में स्थापित मां तारा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने तथा मंदिर में भक्तों द्वारा दान दिये गये सोने का मुकुट, कानबाली, नथिया और चेन सहित लाखों रुपये मूल्य के आभूषण तथा दानपेटी में रखे नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बवाल मचाना शुरू कर दिया और सड़क पर उतर गये.
इस मामले में पूर्व वार्ड पार्षद तथा मां तारा मंदिर व्यवस्थापक समिति से जुड़े राजेश केशरी ने इस मामले में धन्नू खान उर्फ लकड़िया तथा जावेद शाह को नामजद अभियुक्त बनाते हुए पीरो थाने में लिखित आवेदन दिया है. दोनों नामजद आरोपित कुख्यात चोर बताये जाते हैं. पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपितों समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है. जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह जब लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो देखा कि मंदिर का ग्रिल और ताला टूटा हुआ था और मंदिर में स्थापित मां की प्रतिमा जमीन पर टूटी पड़ी थी. भक्तों द्वारा प्रतिमा को पहनाये गये आभूषण और दानपेटी की नकदी भी गायब थी. मंदिर में प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने और चोरी की खबर फैलते ही यहां लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गयी. सूचना मिलने के बाद तत्काल पीरो डीएसपी रेशु कृष्णा और पीरो थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की तहकीकात की. इस क्रम में पुलिस ने चोरों द्वारा मौके पर छोड़े गये एक लोहे का साबल भी बरामद किया.
चार घंटे जाम रहा लोहिया चौक व बाइपास पथ : इधर इस घटना से आक्रोशित बजरंग दल के कार्यकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने पीरो के लोहिया चौक और मंदिर परिसर के समीप बाइपास पथ को जाम कर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया. सड़क जाम के दौरान लोगों ने पुलिस पर अकर्मण्यता का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी और पीरो थानाध्यक्ष को यहां से तत्काल हटाने की मांग कर रहे थे. करीब चार घंटा सड़क जाम रहने के कारण यहां आवागमन पूरी तरह ठप रहा और यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी.
दो वर्ष पूर्व भी मां तारा मंदिर से लाखों के आभूषण व नकदी हुए थे चोरी : पीरो. रविवार की रात्रि पीरो के मां तारा मंदिर में घटित घटना कोई पहली घटना नहीं है.
करीब दो वर्ष पूर्व जनवरी, 2016 में भी मंदिर का ग्रिल तोड़कर करीब तीन लाख के आभूषण और दानपेटी में रखी नकदी की चोरी कर ली थी, तब मंदिर व्यवस्थापक समिति के सदस्य राजेश केशरी के बयान पर पीरो थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.
उस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी.
लोगों का मानना है कि गत चोरी की घटना के बाद पुलिस की ओर से अपनाये गये रवैये से चोरों के हौसले बुलंद थे. इसी कारण रविवार की रात्रि चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए मंदिर में चोरी करने के साथ-साथ प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
घटना को ले गंभीर है पुलिस
इधर पुलिस रविवार को घटित इस घटना को काफी गंभीरता से ले रही है़ थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने कहा कि चोरी के साथ-साथ सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का प्रयास करनेवाले लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा.
बजरंग दल के नेता को हिरासत में ले पुलिस ने हटाया सड़क जाम : मां तारा मंदिर में प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने तथा लाखों के गहने चोरी करने की घटना से आक्रोशित होकर बजरंग दल के नेता पंचम कुमार के नेतृत्व में सड़क जाम कर रहे लोगों को सड़क से हटाने के लिए संगठन के नेता पंचम कुमार को हिरासत में लेना पड़ा. पंचम कुमार को गिरफ्तार करने के बाद करीब चार घंटे से जारी सड़क जाम को समाप्त कराया गया. हालांकि समाचार लिखे जाने तक पीरो थाने में सड़क जाम को लेकर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी थी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन