ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

Published at :19 Aug 2017 3:44 AM (IST)
विज्ञापन
ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

वारदात. ठेकेदारी के पैसे को लेकर दो दोस्तों में चल रहा था विवाद मृतक की पत्नी के बयान पर एक नामजद व चार अज्ञात पर एफआइआर आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कर रही छापेमारी आरा : भोजपुर में गुरुवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने रुपये मांगने पर एक ठेकेदार कृष्ण रंजन पांडेय को […]

विज्ञापन

वारदात. ठेकेदारी के पैसे को लेकर दो दोस्तों में चल रहा था विवाद

मृतक की पत्नी के बयान पर एक नामजद व चार अज्ञात पर एफआइआर
आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कर रही छापेमारी
आरा : भोजपुर में गुरुवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने रुपये मांगने पर एक ठेकेदार कृष्ण रंजन पांडेय को गोली मार दी. इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये. इलाज के लिए पटना ले जाने के क्रम में उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. गोली उनकी पेट में लगी थी. अधिक रक्तश्राव होने से उनकी मौत हो गयी. घटना नवादा थाने के क्लेक्ट्रियट तालाब सूर्यमंदिर के पास की है. जानकारी के अनुसार, मृतक ठेकेदार कृष्ण रंजन पांडेय उर्फ कक्कू पांडेय नगर थाने के शिवगंज सूर्यपुरी मुहल्ला निवासी स्व जगदीश पांडेय के पुत्र थे. वे पूर्व में जदयू के जिला महासचिव भी रह चुके हैं. घटना गुरुवार की देर रात की है.
वे ठेकेदारी के रुपये मांग रहे थे, तभी हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की व गोली मार दी. मृतक की पत्नी रश्मि पांडेय के बयान पर शहर के चर्चित ठेकेदार प्रशांत सिंह उर्फ भोलू सिंह समेत चार लोगों पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
अभी कुछ ही दिन पहले ठेकेदार के पिता की हुई थी मौत : अभी पिता के मरने का दर्द समाप्त भी नहीं हुआ कि ठेकेदार की मौत से पूरा परिवार टूट गया. पिता की मौत का घाव अभी भरा भी नहीं था कि दूसरा जख्म कक्कू पांडेय की मौत बन कर आ गया. घटना के बाद पूरे परिवार में मातमी सन्नाटा पसर गया है. पूरे परिवार में कोहराम मच गया है.
पत्नी को मार गया काठ, भाई बेसुध : गुरुवार की देर रात कक्कू पांडेय की गोली लगने की सूचना जैसे ही मिली उनकी पत्नी रश्मि पांडेय तथा उनका छोटा भाई पंकज पांडेय दौड़ते हुए सदर अस्पताल पहुंचे. दोनों मिलकर इलाज के लिए पटना ले गये, परंतु रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. मौत की सूचना मिलते ही पत्नी रश्मि पांडेय को काठ मार गया. वहीं, छोटा भाई पंकज बेसुध होकर गिर पड़ा. उसे यकीन भी नहीं हो रहा था कि ऐसी स्थिति भी आ सकती है.
दो बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया : ठेकेदार कक्कू पांडेय के एक पुत्र व एक पुत्री है. दोनों के सिर से सदा के लिए पिता का साया उठ गया. ठेकदार अपने बच्चों को पढ़ा-लिखा कर बड़ा पदाधिकारी बनाना चाहते थे. मौत के साथ यह सपना अधूरा रह गया. देखना यह होगा कि पति की मौत के बाद रश्मि पांडेय के सामने बच्चे का लालन-पोषण उनके लिए चुनौती बन गयी है.
सदर अस्पताल का वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस : ठेकेदार कृष्णरंजन पांडेय उर्फ कक्कू पांडेय को गोली लगने के बाद आरोपितों ने सदर अस्पताल पहुंचा कर भाग गये. उनकी पहचान को लेकर सदर अस्पताल में लगे सीसीटीवी के फुटेज को पुलिस खंगाल रही है. बुलेट पर सवार वे दो नौजवान कौन थे, जिनकी पुलिस को तालाश है. उनके पकड़े जाने के बाद ही पूरे राज का खुलासा हो पायेगा.
ठेकेदार के दो मोबाइलों की सीडीआर निकालने में जुटी पुलिस : ठेकेदार के पास से पुलिस ने दो मोबाइल फोन बरामद किया है. बरामद फोन का सीडीआर पुलिस निकाल रही है. घटना के समय किन-किन लोगों से बात हुई है और घटना के पहले किन लोगों द्वारा ठेकेदार को फोन कर बुलाया गया था. हालांकि मृतक की पत्नी द्वारा दर्ज करायी गयी एफआइआर में उक्त फोन नंबर लिखा गया है, जिसकी जांच में पुलिस जुट गयी है.
ठेकेदार के मोबाइल से खुलेगा मौत का राज : ठेकेदार कक्कू पांडेय के मोबाइल को पुलिस ने जब्त कर लिया है. घटना के दिन किन-किन लोगों से बात हुई है. इस रहस्य का पर्दा उठेगा. घटना के एक घंटे पहले किन लोगों से बात हुई है. इसका पता पुलिस लगाने में जुट गयी है. घटना स्थल से पुलिस ने मृतक की बाइक भी बरामद कर ली है. ऐसी चर्चा है कि घटनास्थल पर पहले शराब का सेवन किया गया है. उसके बाद ठेकेदार के साथ मारपीट कर गोली मारी गयी है.
फोन पर बुलाकर की मारपीट फिर मार दी गोली
मृतक की पत्नी के मुताबिक गुरुवार की शाम उनके मोबाइल पर फोन आया और उन लोगों ने बुलाया. मारपीट करने के बाद गोली मार दी. सूचना मिलते ही नगर, नवादा, मुफस्सिल थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. सदर एसडीपीओ संजय कुमार भी मौके पर पहुंच गये और मामले की छानबीन में जुट गये. घटनास्थल से पुलिस ने ठेकेदार कक्कू पांडेय की बाइक बरामद कर ली है. बता दें कि एसपी ऑफिस से महज कुछ ही दूरी पर इस घटना को अंजाम दिया गया.
17 लाख रुपये को लेकर चल रहा था विवाद
सूत्रों के मुताबिक कृष्णरंजन पांडेय उर्फ कक्कू पांडेय और प्रशांत कुमार उर्फ भोलू सिंह के बीच ठेकेदारी के 17 लाख रुपये को लेकर विवाद चल रहा था. गुरुवार की देर रात ठेकेदार कक्कू पांडेय अपना पैसा मांगने के लिए गये हुए थे, तभी उनके साथ मारपीट की गयी और गोली मार दी गयी. गोली लगने से जख्मी कक्कू पांडेय को बाइक पर बैठा कर अस्पताल लाया गया. आरोपित अस्पताल पहुंचाकर वहां से भाग निकला. मृतक की पत्नी द्वारा दिये गये बयान में बताया गया है कि काफी दिनों से पैसे को लेकर विवाद चल रहा था. साथ ही उन लोगों ने मेरे पति का इ-टेंडर का पेन ड्राइव भी जब्त कर लिया था, जिससे काफी परेशानी हो रही थी. बारबार मेरे पति भोलू सिंह से पैसे की मांग कर रहे थे.
दोस्ती में ही चली गयी कक्कू पांडेय की जान
इस घटना में अभियुक्त बनाये गये प्रशांत सिंह उर्फ भोलू सिंह और ठेकेदार कक्कू पांडेय दोनों जिगरी दोस्त थे. दोनों एक साथ मिलकर नगर निगम में ठेकेदारी का काम करते थे. दोनों के बीच पैसे का लेन-देन अक्सर हुआ करता था. गुरुवार की रात ऐसी क्या बात हो गयी, जो दोस्त ने दोस्त की जान ले ली, यह पुलिस के लिए अनुसंधान का विषय है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन