bhagalpur news. भागलपुर के टेक्सटाइल सेक्टर से राज्य के राजस्व में वृद्धि की बड़ी संभावना

भागलपुर के जिला परिषद सभागार में जीएसटी विभाग भागलपुर अंचल– एक के संयुक्त आयुक्त के तत्वावधान में जीएसटी से संबंधित राजस्व व अन्य विषय पर सेमिनार का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया.
भागलपुर के जिला परिषद सभागार में जीएसटी विभाग भागलपुर अंचल– एक के संयुक्त आयुक्त के तत्वावधान में जीएसटी से संबंधित राजस्व व अन्य विषय पर सेमिनार का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. इस सेमिनार में विभिन्न व्यापारिक संगठनों, टेक्सटाइल एसोसिएशन, बुनकर एसोसिएशन, होजरी एसोसिएशन, कर पेशेवरों व टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े लोगों की सक्रिय भागीदारी रही. इस मौके संयुक्त आयुक्त, राज्य कर सुश्री मिनी ने कहा कि भागलपुर का टेक्सटाइल सेक्टर राज्य के राजस्व में वृद्धि हेतु अत्यंत संभावनाशील है. उन्होंने विशेष रूप से ऐसे करदाताओं को कहा कि जो अपनी संपूर्ण कर देयता का भुगतान केवल इनपुट टैक्स क्रेडिट के माध्यम से कर रहे हैं. वे मार्च 2026 में देय कर का कुछ भाग नकद रूप में अवश्य जमा करें. उन्होंने कहा कि कई करदाताओं का जीएसटी पंजीकरण रिटर्न दाखिल न करने के कारण निलंबित या रद्द कर दिया गया है. ऐसे करदाताओं से अपील की गयी कि वे लंबित रिटर्न शीघ्र दाखिल कर अपना पंजीकरण पुनः सक्रिय कराये. उन्होंने कहा कि भागलपुर ने पूर्व में राज्य के कर राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. किंतु विगत वर्षों में इस योगदान में गिरावट दर्ज की गयी है, जो चिंता का विषय है. संयुक्त आयुक्त ने वस्त्र संघ, बुनकर संघ, सिल्क एसोसिएशन, कर पेशेवरों व अधिवक्ताओं से राजस्व वृद्धि के लिए सुझाव एवं सहयोग देने का आह्वान किया. व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि सकल लाभ (ग्रॉस प्रॉफिट) के अनुरूप कर का कुछ भाग नकद में भुगतान किया जाना चाहिए. उन्होंने राज्य के राजस्व में वृद्धि हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया. इस सेमिनार में विभाग की ओर से उप आयुक्त, राज्य कर अजय पंडित, सहायक आयुक्त अमित कुमार व मयंक प्रकाश उपस्थित थे. व्यापारिक संगठनों की ओर से इस्टर्न चेंबर ऑफ कॉमर्स, टेक्सटाइल मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स, होजरी एसोसिएशन एवं बुनकर एसोसिएशन के प्रतिनिधि, जिनमें शरद कुमार सालारपुरिया, जिया-उर-रहमान, सीए पुनीत चौधरी, सुनील बुधिया, रामगोपाल पोद्दार, गोविंद अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, इबरार अंसारी, मेराजुद्दीन, वेदांत सहित चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता व कर पेशेवर उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




