ePaper

Bhagalpur news नवविवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत, हत्या का आराेप

Updated at : 18 Jan 2026 12:15 AM (IST)
विज्ञापन
Bhagalpur news नवविवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत, हत्या का आराेप

नवविवाहिता ज्योति कुमारी (24) का शव उसके ससुराल स्थित कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला.

विज्ञापन

लत्तीपुर उत्तर पंचायत के अमरपुर वार्ड छह में शनिवार की सुबह नवविवाहिता ज्योति कुमारी (24) का शव उसके ससुराल स्थित कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. जानकारी मिलते थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. थोड़ी ही देर में ज्योति का मायका सोनवर्षा वार्ड 12 से उसके परिजन और काफी संख्या में ग्रामीण अमरपुर पहुंच गये. ज्योति के पिता मनोज राय उर्फ मुन्नी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगा कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गयी है.उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. परिजनों के अनुसार ज्योति की शादी एक माह पूर्व अमरपुर के यमुना प्रसाद के छोटे पुत्र सौरव कुमार से हुई थी. विवाह के इतने कम समय में हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल से साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को बुलायी गयी, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. ज्योति अपने परिवार में तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थी, जबकि उससे छोटा एक भाई है. पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है. यह मामला आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा. ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश है.

नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड की बैठक में कई प्रस्ताव पारित

नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड की बैठक शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई. बैठक की शुरुआत पिछली बैठकों की कार्यवाही की संपुष्टि के साथ हुई. बैठक में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया. पूरे शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जायेगा. सड़कों के दोनों किनारों पर चूना व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जायेगा. बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किये गये. आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए डॉग कैचिंग वाहन की खरीद, कुत्तों को खिलाने के लिए पात्र (बर्तन) की व्यवस्था तथा 10 वाटर एटीएम लगाने का प्रस्ताव शामिल है. बुडको की ओर से निर्मित सड़कों के दोनों किनारों पर ढलाई कराने का निर्णय लिया गया. बैठक में विधायक शुभानंद मुकेश ने एक रोड स्वीपिंग मशीन की खरीद, दो विद्युत शव दाहगृह व आधा दर्जन लकड़ी आधारित शव दाहगृह के निर्माण का प्रस्ताव रखा. उन्होंने शहर में पुरानी व्यवस्था के तहत गंगा जल की आपूर्ति बहाल करने, पुराने अस्पताल के जीर्णोद्धार, भागलपुर से कहलगांव के लिए चार बसें चलाने की मंत्रालय से मांग करने, सबौर से बटेश्वर होते मिर्जाचौकी तक मैरीन ड्राइव निर्माण तथा सम्राट अशोक भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग संबंधित विभाग से करने की बात कही. बैठक में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार, उपाध्यक्ष रेखा कुमारी सहित पार्षद उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
JITENDRA TOMAR

लेखक के बारे में

By JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन