Bhagalpur News. वाहनों पर अवैध लाल प्लेट और सायरन के खिलाफ कार्मिक संघ ने शुरू किया अभियान
Published by : KALI KINKER MISHRA Updated At : 10 Feb 2026 10:15 PM
लाल प्लेट के खिलाफ अभियान शुरू.
—सुजागंज कर्मिक संघ के उपाध्यक्ष ने की घोषणाराज्य में बढ़ते हुए अवैध लाल प्लेट, पदनाम प्रदर्शन व सायरन के दुरुपयोग के खिलाफ सुजागंज कर्मिक संघ ने लाल प्लेट सत्यापन अभियान प्रारंभ करने की मंगलवार को घोषणा की. संघ के उपाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि संघ के संज्ञान में यह आया है कि अनेक वाहन बिना विधिक अनुमति के लाल प्लेट या विशेष पदनाम प्रदर्शित कर रहे हैं. यह न केवल मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. ऐसी आशंका भी व्यक्त की जा रही है कि इन प्रतीकों का दुरुपयोग कर अवैध गतिविधियां, यहां तक कि तस्करी जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियां भी संचालित हो सकती हैं. इसी उद्देश्य से संघ नागरिक सहभागिता के माध्यम से एक सार्वजनिक निगरानी अभियान प्रारंभ कर रहा है.
व्हाट्स एप पर फोटो भेजने की अपील
संघ ने अपील की है कि कोई भी जागरूक नागरिक यदि सड़क पर लाल प्लेट या संदिग्ध विशेष पहचान वाले वाहन को देखते हैं, तो उसका स्पष्ट फोटो खींचकर 9955020229 व्हाट्स एप नंबर पर भेज सकते हैं. प्राप्त फोटो या वीडियो का विधिक परीक्षण कराया जायेगा. अवैध पाये जाने पर संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रमाण सहित सूचित किया जायेगा.
आग्रह : कोई अपने हाथ में नहीं लें कानून
संघ ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे किसी भी वाहन चालक से स्वयं विवाद, बहस या टकराव न करें. कानून अपने हाथ में न लें. केवल सार्वजनिक स्थान से सुरक्षित रूप से फोटो लेकर भेजें. किसी निजी संपत्ति में प्रवेश, वाहन को रोकना या किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करना पूर्णतः निषिद्ध है. यह अभियान पूर्णतः शांतिपूर्ण, विधिसम्मत और संवैधानिक दायरे में संचालित किया जायेगा. अभियान किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि कानून के समान और निष्पक्ष अनुपालन के लिए है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










