भागलपुर में झमाझम बारिश से बदला मौसम, उमस और गर्मी से मिली राहत

झमाझम बारिश से बदला मौसम
Bhagalpur Weather: भागलपुर में गुरुवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. आसमान में छाए घने काले बादलों के बाद 10:20 बजे शुरू हुई बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से राहत दिला दी. बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने लोगों को सुहाने मौसम का एहसास कराया.
भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
Bhagalpur Weather: भागलपुर में मानसून की आधिकारिक दस्तक से पहले ही मौसम पूरी तरह मनसूनी रंग में नजर आने लगा है. गुरुवार की सुबह से आसमान घने काले बादलों से ढका रहा और करीब 10:20 बजे बारिश शुरू हो गई. तेज बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने पिछले कई दिनों से जारी गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी. मौसम के इस बदलाव से शहर से लेकर गांव तक लोगों के चेहरे खिल उठे.
काले बादलों ने बदला मौसम का मिजाज
देर रात से ही आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी. सुबह होते-होते पूरे शहर पर काले बादलों का डेरा दिखाई देने लगा. बादलों की घनघोर मौजूदगी को देखकर लोगों को ऐसा महसूस होने लगा मानो मानसून ने समय से पहले ही दस्तक दे दी हो.
सुबह से धूप नहीं निकलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई. इसके बाद करीब 10:20 बजे बारिश शुरू होते ही मौसम और खुशनुमा हो गया. हल्की से मध्यम बारिश के बीच चल रही हवाओं ने वातावरण को पूरी तरह बदल दिया.
गर्मी और उमस से मिली बड़ी राहत
पिछले कई दिनों से भागलपुर के लोग भीषण गर्मी और उमस से परेशान थे. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा था. गुरुवार की बारिश ने इस परेशानी से राहत दिलाई.
बारिश के बाद सड़कों, बाजारों और मोहल्लों में लोगों ने राहत महसूस की. कई लोगों ने इसे मानसून की आहट बताया और मौसम के इस बदलाव का स्वागत किया.
किसानों के लिए राहत की फुहार
बारिश का सबसे अधिक फायदा किसानों को मिलने की उम्मीद है. खरीफ सीजन की तैयारी में जुटे किसान पिछले कुछ दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे थे. वर्षा नहीं होने के कारण खेतों की नमी कम हो रही थी, जिससे धान की बुआई और नर्सरी तैयार करने में दिक्कत आ रही थी.
किसानों का कहना है कि यह बारिश धान के बीज डालने और खेत तैयार करने के लिए काफी लाभदायक साबित होगी. खासकर वे किसान जो सिंचाई के लिए पूरी तरह बारिश पर निर्भर रहते हैं, उन्हें इससे राहत मिली है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










